रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 मार्च। प्रदेश भाजपा अब पौने दो साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट रही है। इस कड़ी में पार्टी रोड मैप तैयार करने जा रही है। चुनावी तैयारियों पर शनिवार को कोर ग्रुप की अहम बैठक होगी। इस बैठक में राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश भी रहेंगे। बदले कार्यक्रम के मुताबिक वे दोनों कल शाम दिल्ली लौट जाएंगे।
यूपी चुनाव अंतिम चरण में है, और 7 तारीख को मतदान होगा। चुनाव प्रचार के लिए गए नेता अब लौट रहे हैं। इन सबके बीच पार्टी हाईकमान के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में पौने साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अभी से व्यूह रचना तैयार की जा रही है।
प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी, और सह महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश हैदराबाद से यहां पहुंच रहे हैं। दोनों नेता शनिवार को पार्टी के विधायक, और सांसदों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में पहले बजट सत्र में पार्टी के विधायकों द्वारा उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा होगी। सांसदों से उनके क्षेत्र में होने वाले कार्यों पर भी बात होगी। साथ ही केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक दोनों नेता शनिवार को कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे। कोर ग्रुप में चुनाव तैयारियों पर चर्चा होगी। पुरंदेश्वरी बस्तर की 8, और नितिन नबीन तीन जिलों का दौरा कर चुके हैं। बस्तर और सरगुजा को लेकर दोनों ही नेता संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर अपने अनुभव साझा करेंगे। दोनों ही संभाग में पार्टी का सफाया हो चुका है। नगरीय निकाय चुनाव में भी पार्टी की स्थिति अच्छी नहीं रही। ऐसे में यहां संगठन को मजबूत बनाने की कार्ययोजना पर मुख्य रूप से चर्चा होगी।
बताया गया कि विधानसभा सत्र निपटने के बाद दोनों ही संभागों में कई कार्यक्रम होंगे। जिसमें पार्टी के बड़े नेता शामिल होंगे। कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी प्रदेश दौरे पर आ सकते हैं। दोनों नेताओं के प्रस्तावित दौरे को लेकर चर्चा हो सकती है। पुरंदेश्वरी कोर ग्रुप की बैठक के बाद बस्तर निकल जाएंगी, और वहां वे नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा के जिला पदाधिकारियों से रूबरू होंगी। इसके बाद पुरंदेश्वरी हैदराबाद निकल जाएंगी।
नाराजगी नहीं, उत्साह है
एयरपोर्ट में मीडिया से बातचीत में पुरंदेश्वरी ने कहा कि पार्टी के कामकाज की समीक्षा संगठन सतत करते रहता है। उसी सिलसिले में हमारे दौरे होते रहते हैं। बस्तर और सरगुजा में संगठन के काम को लेकर नाराजगी के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि कोई नाराजगी नहीं कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह है। पुरंदेश्वरी ने यह भी कहा कि भाजपा पत्रकार सुरक्षा कानून लाने राज्य सरकार पर दबाव बनाएगी।