रायपुर
रोजाना 21 हजार टेस्ट हो रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 मार्च। कोरोना केस में लगातार कमी आ रही है। संक्रमण दर घटकर .51 फीसदी रह गई है। बावजूद इसके स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेताया है कि कोरोना पूरी तरह से खत्म नहीं होगा, और किसी तरह की लापरवाही पर संक्रमण की दर एकाएक बढ़ भी सकती है।
प्रदेश में कोरोना की रफ्तार में काफी कमी आई है। रोजाना 21 हजार से अधिक टेस्ट हो रहे हैं। इसमें पॉजिटिव केस सौ के आसपास ही रह गए हैं। मृत्यु दर में भी भारी कमी आई है। रोजाना कोरोना से मौत के एक-दो मामले ही आ रहे हैं।
डायरेक्टर (महामारी) डॉ. सुभाष मिश्रा ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि कोरोना को लेकर आगे भी सावधान रहना होगा। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यह पूरी तरह खत्म नहीं होने वाली है, और थोड़ी बहुत लापरवाही पर कोरोना केसेस बढ़ सकते हैं। यानी चौथी लहर भी आ सकती है। कोरोना केसेस में कमी के बावजूद सोशल डिस्टेसिंग का पालन करना, और मास्क लगाना व सेनिटाइजर का उपयोग करना जारी रहना चाहिए।
बताया गया कि प्रदेश में कोरोना से मृत लोगों में से ज्यादातर बिना वैक्सीनेशन वाले हैं। जिन लोगों को वैक्सीन लगा है उनमें मामूली संक्रमण देखने को मिला है। कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने और रोज कम संख्या में नए मरीज मिलने के कारण प्रदेश में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या घट रही है।
सुकमा में कोरोना के एक भी मरीज नहीं
सुकमा जिले में अभी कोरोना का एक भी सक्रिय मरीज नहीं है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दर घटकर अब 0.51 प्रतिशत पर पहुंच गई है। राज्य के पांच जिलों में 3 मार्च को कोरोना का कोई नया मामला नहीं आया है। इस दिन प्रदेश भर में हुए 21 हजार 367 सैंपलों की जांच में 110 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए। गरियाबंद, सूरजपुर, कोंडागांव, सुकमा और नारायणपुर जिले में इस दिन कोरोना संक्रमण का एक भी मामला नहीं आया है। अलबत्ता रायपुर जिले में कोरोना के केसेस में कमी जरूर हुई है, लेकिन अभी भी एक्टिव मामले प्रदेश में सबसे ज्यादा है। प्रदेश में कुल 1005 एक्टिव केस हैं। इनमें 195 अकेले रायपुर में हैं।