रायपुर

आठ सौ के लालच में ले ली बुजुर्ग की जान
05-Mar-2022 6:32 PM
आठ सौ के लालच में ले ली बुजुर्ग की जान

रायपुर, 5 मार्च। तिल्दा थानांतर्गत सुरेश राइस मिल में कुछ दिनों पहले बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला सुलझ गया है। मामले में पुलिस ने राइस मिल के ही एक नशेड़ी युवक को बंदी बनाया है। पूछताछ करने पर आरोपी ने खुलासा किया है उसने पैसों के लालच में आकर बुजुर्ग को मार डाला। एएसपी ग्रामीण कीर्तन राठौर के मुताबिक मृतिका कुंतीबाई उम्र 50 साल की लाश पानी की टंकी से बरामद हुई थी। 18 फरवरी को शव मिलने के बाद प्रारंभिक जांच में ही मर्डर का शक था। पोस्टमार्टम में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद हत्या का केस दर्ज किया गया।  इस मामले में बारिकी से जांच करने पर राइस मिल के ही एक संदिग्ध महादेव गिरी मूल निवासी सिनोधा को हिरासत में लिया गया। संदेही से हत्याकांड से जुड़े अहम बिंदुओं में पूछताछ करने पर केस सुलझ गया। एएसपी ने बताया, आरोपी आदतन नशेड़ी है। 

13 तारीख को मृतिका राइस मिल काम पर पहुंची थी। सूनसान रास्ते की तरफ आरोपी ने उसे अकेले देख लिया। इस दौरान मृतिका ने 800 रुपये मजदूरी मिलने की बात कही, इतने में आरोपी को पैसों का लालच आ गया। नशे का शौक पूरा करने उसने मृतिका के हाथों से आठ सौ रुपये छीन लिए। जब मृतिका ने शोर मचाना शुरू किया तभी आरोपी ने अपने गमछे से मृतिका गला घोंट दिया। झाडिय़ों की तरफ से शव को टंकी में फेंक दिया इसके बाद काम पर लौट गया। राइस मिल के हर एक शख्स पर नजरें जमाने के बाद आरोपी पर शक हुआ था जब हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, मामला सुलझ सका। 


अन्य पोस्ट