रायपुर
सूखा नशा का बड़ा नेटवर्क बनाना चाहते थे आरोपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 मार्च। छत्तीसगढ़ की राजधानी और दूसरे शहरों में हेरोइन खपाने की तैयारी के बीच पुलिस ने तीन तस्करों को दबोचा है। शनिवार को आमानाका थाना पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपियों से हेरोइन बरामद किया है इसकी कीमत ढाई लाख रुपये से भी ज्यादा है। टीआई याकूब मेमन ने बताया, आरोपी महंगा नशा कारोबार करने के लिए बड़ा नेटवर्क बनाने की फिराक में पहुंचे थे। इसके पहले वह हेरोइन खपाते उन्हें मुखबीर की सूचना पर दबोच लिया। गश्त के दौरान संदिग्ध हालत में मिलने पर आरोपियों से मादक पदार्थ जब्त किए। इनके पास से चारपहिया वाहन को भी जब्ती बनाकर कार्रवाई की। शुक्रवार नया बायपास रोड नंदनवन जाने के रास्ते पर संदिग्ध कार वालों की सूचना मिली थी। पतासाजी कर वाहन को चिन्हांकित किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा वाहन के पास जाकर देखने पर पाया गया कि वाहन में तीन व्यक्ति सवार है। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम सुखदेव सिंह, जसप्रीत सिंह एवं सिमरनजीत सिंह निवासी अमृतसर पंजाब का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा तीनों की तलाशी लेने पर उनके पैंट की जेब में मादक पदार्थ हेरोईन (चिट्टा) रखा होना पाया गया। जिस पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल वजनी 22 ग्राम मादक पदार्थ हेरोईन (चिट्टा) कीमती करीबन 2,50,000/-रूपये (दो लाख दस हजार रूपये) तथा घटना में प्रयुक्त आई-20 कार जब्त कर सभी के खिलाफ में धारा 21(बी) नारकोटिक्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम कार्यवाही किया गया। कार्यवाही में निरीक्षक याकूब मेमन थाना प्रभारी आमानाका, उप निरीक्षक एन.आर. बंजारे, प्र.आर. संजय सिंह, आर. शेख आडिल थाना आमानाका तथा एंटी क्राइम टीम से आर. विजय पटेल एवं नोहर देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।