साथी घायल, माहभर बाद भी चालू नहीं हुआ सिग्नल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 फरवरी। कोतवाली के सामने बुधवार दोपहर 12 बजे ट्रक की चपेट में आने से एक्टिवा सवार छात्र की मौत मामले में जानकारी मिली है कि मृतक कालेज का छात्र था और ट्यूशन फीस जमा करने जा रहा था। इसी दौरान उक्त छात्र के कमर के नीचले हिस्से से ट्रक का चक्का गुजर गया।
मृत छात्र का वाहन चालक साथी छात्र घायल हो गया था। साथी छात्र के सिर में मामूली चोट आने के कारण उसे जिला अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों छात्र ट्यूशन फीस जमा करने के लिए रकम निकालने एटीएम जा रहे थे। घटना कोतवाली थाने के ठीक सामने हुई।
जानकारी के अनुसार सडक़ हादसे में मृत छोटे ढाभा बसना निवासी राजेंद्र साव (20) पिता हेमसागर साव की है। उसके साथी ग्राम घोंच पिथौरा निवासी हेमराज साहू (20) पिता हेमंत साहू भी हैं। हेमराज और राजेंद्र ट्यूशन फीस जमा करने के लिए रुपए निकालने एक्टिवा क्रमांक सीजी 06 जीएल 4587 से एटीएम जा रहे थे। वहीं ट्रक क्रमांक सीजी 06 एम 1605 उनके आगे चल रही थी।
एक्टिवा को हेमराज चला रहा था, राजेंद्र पीछे बैठा था। कोतवाली के पास जैसे ही दोनों पहुंचे, ट्रक को ओवरटेक करते हुए कट मारकर आगे बढ़े। उसी समय एक कार ने यू टर्न लिया और वे हड़बड़ा गए और एक्टिवा जमीन पर गिरी तभी ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हेमराज आगे की ओर जा गिरा और राजेंद्र के पैर को ट्रक रौंदता हुआ निकल गया। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक ने राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल और ब्लिंकर लगाया जा रहा है। कल बुधवार को कोतवाली के ठीक सामने जहां हादसा हुआ, वहां महीनेभर पहले ही ब्लिंकर लगाया जा चुका है, लेकिन इसे अब तक चालू नहीं किया गया। शहर में सिग्नल और ब्लिंकर चालू होते तो वाहनों की रफ्तार कम होती। शहर की मुख्य सडक़ के दोनों ओर दुकानें लगाई जाती है। वैसे भी शहर में पार्किंग बड़ी समस्या है। दुकान के बाहर सामान निकाल दिया जाता है और सडक़ पर चलना मुश्किल हो जाता है। इसके चलते 40 मीटर चौड़ी सडक़ 30 मीटर में तब्दील हो जाती है। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है।
बाइपास नहीं, हो रही दुर्घटना
बताना जरूरी है कि महासमुंद शहर में बाइपास नहीं होने के कारण नेशनल हाईवे 353 में बड़ी गाडिय़ां शहर के बीच से होकर गुजरती हैं। पूर्व में शहर में नो एंट्री का सिस्टम लागू था। सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक और शाम 4 से रात 9 बजे तक शहर में नो एंट्री के दौरान बड़ी गाडिय़ों का प्रवेश नहीं होता था, लेकिन पिछले कई महीनों से यह सिस्टम बंद कर दिया गया है। इसके चलते हर समय बड़ी गाडिय़ों का दबाव शहर के मुख्य सडक़ में होता है। इस मामले में यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में फिलहाल नो एंट्री बंद है, लेकिन जल्द ही इसका रिव्यू कर इसे लागू किया जाएगा।
सिग्नल चालू करने की मांग
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक पीजी कॉलेज महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय में बीएससी गणित का छात्र था और रमनटोला में किराए के मकान में रहता था। उसके साथ पिथौरा घोंच निवासी हेमराज साहू भी रहता था। दोनों एक साथ पढ़ाई करते थे और गुडरुपारा दुर्गा चौक के पास ट्यूशन भी पढ़ते थे। हादसे के दिन भी ये दोनों ट्यूशन पढऩे आए थे। फीस देने के लिए दोनों रुपए निकालने एटीएम जा रहे थे। इस मामले में एडिशनल एसपी मेघा टेंभुरकर ने कहा कि जल्द ही इसका रिव्यू किया जाएगा और जो सिग्नल लग गए हैं, उसे चालू कराया जाएगा।