महासमुन्द

महासमुंद जिले में 33 दिनों के भीतर मिले 1279 संक्रमित
03-Feb-2022 5:27 PM
महासमुंद जिले में 33 दिनों के भीतर मिले 1279 संक्रमित

महासमुंद, 3 फरवरी। महासमुंद जिले में कोरोना महामारी की तीसरी लहर जनवरी माह से ही प्रभावी है। पहली जनवरी से दो फरवरी तक की स्थिति में महासमुंद जिले में कुल 1279 संक्रमितों की पहचान हुई है, जिसमें से 791 स्वस्थ भी हुए हैं। कल बुधवार को जिले में 30 नए संक्रमितों की पहचान हुई है और 55 मरीज ठीक भी हुए। दो फरवरी को जिलेभर से 792 सैंपल की जांच की गई थी। हालांकि जिले में पिछले सप्ताहभर से कोरोना जांच में कमी के चलते पॉजिटिव मरीजों की संख्या भी कम ही आ रही है। तीसरी लहर में पाए गए संक्रमितों में से अधिकांश को कोरोना का टीका लगा है। शरीर में प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने से लोग हल्के लक्षण के साथ संक्रमित हो रहे हैं और जल्द ही स्वस्थ भी हो जा रहे हैं।

जिले में कल बुधवार को पाए गए संक्रमितों में महासमुंद ब्लॉक से सर्वाधिक 14 संक्रमित हैं। वहीं बागबाहरा ब्लॉक से 5, पिथौरा से 4, बसना से 5 और सरायपाली ब्लॉक से 2 नए संक्रमितों की पहचान हुई है। जिला कोरोना जांच दल अधिकारी डा. छत्रपाल चंद्राकर ने बताया कि नए संक्रमितों के मिलने के बाद उनके कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग में टीम जुटी है और संक्रमित पाए गए गांवों में शिविर आयोजित कर लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। अब तक जिले में कुल 371 की मौत कोरोना के चलते हुई है। इन मौतों में सर्वाधिक मौतें दूसरे लहर में हुई है। वहीं तीसरी लहर में कुल चार लोगों की मौत हुई है। वर्तमान में जिले में 496 कोरोना के एक्टिव केस हैं।


अन्य पोस्ट