महासमुन्द

घायल काजल से अग्नि ने की मुलाकात, मदद का आश्वासन
03-Feb-2022 2:55 PM
घायल काजल से अग्नि ने की मुलाकात, मदद का आश्वासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 फरवरी।
छग राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष अग्नि चंद्राकर ने बुधवार को ग्राम भावा पहुंचकर प्री मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास पटेवा में गणतंत्र दिवस की शाम ध्वज उतारने के दौरान करंट की चपेट में आने से घायल हुई छात्रा काजल चौहान का हाल जाना। हादसे के बाद काजल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के बाद छुट्टी मिलने पर वह अपने माता.पिता के साथ घर भावा में है।

परिजनों ने अग्नि चंद्राकर को बताया कि घटना के बाद से काजल डरी सहमी और सदमे की स्थिति में है। कमजोर दिख रही है तथा उसका हीमोग्लोबिन आठ ग्राम हो गया है। काजल की स्थिति देख निगम अध्यक्ष अग्नि ने उसके घर से ही कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर से फोन पर बात की। इस पर शासकीय अस्पताल पटेवा के डाक्टर दुर्जन ध्रुव को तत्काल वहां भेजा गया। डाक्टर ध्रुव ने काजल का चेकअप किया। गहन जांच के लिए डाक्टर काजल के घर फिर पहुंचेंगे।
निगम अध्यक्ष चंद्राकर ने स्वजन को भरोसा दिलाया है कि काजल को पूर्णत: स्वस्थ करने के लिए जो भी गहन जांच और जहां भी इलाज की जरूरत होगी उसके लिए पूरा सहयोग किया जाएगा।


अन्य पोस्ट