महासमुन्द
आयोजन की तैयारी में जुटी रत्नाकर दीक्षा महोत्सव समिति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,2 फरवरी। महासमुंद विवेकवर्धन सेवा आश्रम परिसर में मुमुक्षु रजत चोपड़ा महासमुंद और मुमुक्षु संयम पारख सुरगी जैन साधु बनने जा रहे हैं। यह पहला मौका है जब यहां एक साथ दो साधुओं का दीक्षा महोत्सव हो रहा है। शांतिनाथ भगवान जैन मंदिर ट्रस्ट और आनंद रत्नाकर दीक्षा महोत्सव समिति महासमुंद भव्य आयोजन की तैयारी में जुटी है। हालांकि कोविड.19 तीसरी लहर आ जाने और इसके लिए जारी गाइडलाइन और प्रोटोकॉल की वजह से समारोह का स्वरूप बदल गया है। आगामी 10 फरवरी दिन गुरुवार माघ सुदी 9 को यह खास आयोजन होने जा रहा है।
इस क्षण का साक्षी बनने के लिए स्नेहिल आमंत्रण सभी परिजनों को दिया जा चुका है। इसके साथ ही आयोजन को लोग घर बैठे देख सकें, इसके लिए सीधे प्रसारण की व्यवस्था की जा रही है। समारोह स्थल पर सीमित लोगों को ही प्रवेश मिलेगा। गौरव रजत चोपड़ा सन्यास के मार्ग पर चलने के बारे में कहते हैं कि मैं-सौभाग्यशाली हूं जिन्हें माता-पिता ने आत्मा को संवारने का ज्ञान दिया।
रजत के माता पिता महेंद्र और भावना का कहना है कि रजत ज्येष्ठ और लाडला बेटा है। जब वकील बना तो हृदय आनंद से भर गया। बचपन से ही अंतर्मुखी, परोपकारी, अत्यंत विनयशील होने से उन्हें आभास हो गया था कि वह मुमुक्षु बनने की राह पर आगे बढ़ रहा है। इसी तरह साधु बनने जा रहे संयम कहते हैं-हे संस्कार प्रदात्री,वात्सल्यमयी माता! न जाने कितने दुखों को सहकर आपने मुझे इस दुनिया में लाया। न जाने कितनी रातें बिना सोए गुजार दी, ताकि चैन से मैं सो सकूं। आप सचमुच महान हैं। संयम की मां ने शुभकामना संदेश में कहा है कि हे पुत्र ! हमने तुम्हें जो नाम दिया, तुमने उसे चरितार्थ कर दिया।