महासमुन्द

कैंसर मरीजों को तुमगांव सीएसची में मुफ्त मिलेगी कीमौथैरेपी
04-Feb-2022 5:16 PM
कैंसर मरीजों को तुमगांव सीएसची में मुफ्त मिलेगी कीमौथैरेपी

19 प्रकार के कीमो की दवाइयां दिए जाने की योजना है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 4 फरवरी। कैंसर जैसी बीमारी की पहचान के लिए अब उच्च संस्थान या बड़े शहर जाने की जरूरत नहीं होगी। जल्द ही इसकी जांच और दवा देने की शुरुआत महासमुंद में होने वाली है। कैंसर व गैर संचारी रोग के नोडल अफसर डा. अनिरुद्ध कसार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की दीर्घायु योजना के तहत तुमगांव सीएचसी में इसकी शुरुआत होने जा रही है। यहां कैंसर जैसी बीमारियों की पहचान सहित मरीजों को इसके इलाज के संबंध में जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही जिन लोगों में कैंसर की पहचान हो चुकी है और जिनका इलाज चल रहा है, उन्हें मुफ्त कीमोथैरेपी दी जाएगी। यहां 19 प्रकार के कीमो की दवाइयां दिए जाने की योजना है। डा. कसार ने बताया कि वर्तमान में कैंसर के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। साल 2021 में महासमुंद जिले में कैंसर के 17 नए मरीजों की पहचान की गई है। इन सभी का इलाज भी अलग-अलग संस्थानों में शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि जिले में ज्यादातर मरीज मुख, स्तन और गर्भाशय के मुख के कैंसर से ग्रसित थे। महासमुंद जिले में गर्भाशय के मुख के कैंसर का इलाज भी जल्द शुरू होने वाला है। डा. कसार ने बताया कि महिलाओं में गर्भाशय के मुख का कैंसर की शिकायत आती है। इसके लिए जल्द ही शासन की ओर से थर्मोएबलेजन मशीन उपलब्ध होने वाली है। विशेषज्ञों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। ये मशीन जिला अस्पताल में लगाई जाएगी, जहां गर्भाशय के मुख के कैंसर का इलाज होगा। उन्होंने बताया कि गर्भाशय के मुख के कैंसर की स्क्रीनिंग के लिए जिले के सभी स्टॉफ नर्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्र में यह सुविधा उपलब्ध होगी।


अन्य पोस्ट