‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 11 मार्च । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा कल राज्य बजट 2022 पेश किया गया. बजट पर जब स्थानीय नेताओं, समाज सेवक, कार्यकर्ताओं एवं व्यापारियों से प्रतिक्रिया ली गई, तो भाजपा के कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों ने आम जनता के लिए बजट में कुछ भी शामिल नहीं करने की बात कही, जबकि कांग्रेस के जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने सभी वर्ग के विकास के लिए स्वागत योग्य बजट बताया। बजट पर कार्यकर्ताओं, नेताओं, जनप्रतिनिधियों द्वारा इस प्रकार प्रतिक्रिया दी गई।
सभी वर्गों का रखा ध्यान
वन विकास निगम के अध्यक्ष बसना विधायक राजा देवेन्द्र बहादुर सिंह ने भूपेश सरकार द्वारा जारी किये गये बजट को सभी वर्गो का ध्यान रखते हुए छत्तीसगढ़ के विकास को नया आयाम देने वाला बताया. आगे कहा कि दो साल से कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन से जूझ रहे प्रदेश के हर वर्ग के लोगों को बजट से राहत मिलेगी. लंबे समय से अधिकारी कर्मचारी पुरानी पेंशन की मांग कर रहे थे, जिसे बजट में शामिल कर उनकी मांग पूरा किया गया जो बहुत ही स्वागत योग्य है।
स्वागतयोग्य बजट

सरायपाली विधायक किस्मत लाल नंद ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विधायक निधि की राशि बढ़ाई गई है, जिससे विधायक अपने क्षेत्र में पहले की अपेक्षा अधिक राशि विकास के लिए लगा सकेंगे, जिससे क्षेत्र का विकास होगा. मुख्यमंत्री का निर्णय बहुत ही स्वागत योग्य है। वहीं भूमिहीन कृषि मजदूरों की राशि भी बढ़ाई गई है।
निराशाजनक बजट

डॉ सरला कोसरिया प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार का यह चौथा बजट घोषणाओं का पुलिंदा है। यह बजट लोक बजट कम फेक बजट ज्यादा है। बघेल ने पुरानी योजना एवं केन्द्र की मोदी योजनाओं को हेर फेर कर वाह वाही लूटा है। वहीं रजिस्ट्री शुल्क बढ़ाकर प्रदेश की जनता पर आर्थिक बोझ लादने का काम किया है। यह बजट निराशाजनक है।
राज्य के हित में

मुकेश अग्रवाल प्रदेश उपाध्यक्ष चेंबर ऑफ कॉमर्स ने कहा छत्तीसगढ़ सरकार ने सभी के हित को देखते हुए बहुत अच्छा बजट पेश किया है. आम जनों और किसानों को जहां फायदा होगा, वहीं व्यापार भी बढ़ेगा. उन्होंने बजट की सराहना की।
युवाओं के लिए कुछ नहीं
.jpg)
भाजपा मंडल अध्यक्ष धनेश नायक ने कहा कि पुल-पुलिया, रोजगार,शिक्षा आदि को बजट में शामिल नहीं किया गया है आमजनों के लिए बजट निराशाजनक है
लोगों को मजबूत बनाने वाला बजट

समाज सेवक केसरी नंदन सेन ने कहा यह बजट आम जनता को मजबूत बनाने वाला बजट है. सभी वर्ग के लोग इस बजट से खुश हैं. जैसे पुरानी पेंशन योजना, कोई टैक्स नहीं लाया गया है ,भूपेश सरकार का बजट स्वागत योग्य है।
कर्मियों को बड़ी सौगात

हेमसागर पटेल पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस ने कहा छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को होली के पहले बड़ा तोहफा पेंशन का दिया है. सभी वर्गों, मजदूरों, कर्मचारियों, किसानो, छात्रों को बड़ी सौगात दी है.
सभी वर्गों को मिलेगा लाभ

टिकेश्वर पटेल वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि बीते वर्ष की भांति इस वर्ष भी भुपेश सरकार ने सभी वर्गों के विकास के लिए आम बजट पेश किया है, जिससे सभी वर्ग के लोगों एवं किसानों को लाभ मिलेगा।
रोजगार पर विशेष ध्यान

सीता अमृत पटेल अध्यक्ष जिला महिला कांग्रेस ग्रामीण ने कहा कि गोधन योजना के तहत महिलाओं को रोजगार मिल रहा है. पहली बार किसी सरकार द्वारा गोबर से बने ब्रीफकेस से बजट पेश किया गया है। वह एक महिला समूह द्वारा ही बनाया ब्रीफकेस है। महिलाओं के रोजगार पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
सबसे निराशाजनक बजट

भाजपा नेता प्रमोद सागर ने कहा कि यह बजट अब तक का सबसे निराशाजनक बजट है. बजट में बेरोजगारों को रोजगार और बेरोजगारी भत्ता देने के लिए सरकार के तरफ से कोई पहल नहीं किया गया है. सरकार में लाखों पद रिक्त हैं, इसके बाद भी इन नए पदों में भर्ती के लिए कुछ नहीं किया. केन्द्र सरकार द्वारा दिया गया पैसा राज्य सरकार दुरूपयोग कर रहा है।
शराबबंदी भूली सरकार

डॉ अनामिका पाल प्रदेश अध्यक्ष महिला जनता कांग्रेस जोगी ने कहा कि वृद्धा पेशन, विधवा पेंशन, बेरोजगारी भत्ता एवं महिलाओं की प्रमुख मांग शराब बंदी की बात भी सरकार भूल गई है। यह बजट निराशजनक बजट है।
छात्रों को बड़ी सौगात

मोहसिन मेमन युवा इंटक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार के बजट में छात्रों को बड़ी सौगात , पुरानी पेंशन बहाल योजना सहित सभी वर्गो का खयाल रखा गया है।
हर वर्ग होंगे लाभान्वित

पूर्व पार्षद जमील हुसैन (बाबू भाई) ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट आमजनों को ध्यान में रख कर लाया गया है। आज हर वर्ग इस बजट से लाभान्वित होगा। बजट में ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूरों को लाभ पहुंचाने का काम किया है।