महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 मार्च। पटेवा थाना क्षेत्र के तेंदूवाही मोड़ के पास एक युवक से दिनदहाड़े 1.10 लाख की लूट का मामले में गुरुवार को एएसपी मेघा टेम्भुरकर ने खुलासा किया।
मुंहबोले मामा ने भांजे को लूटने 3 दोस्त भेजे थे, इनमें से एक ने भांजे से लिफ्ट ली और मौका पाते ही अपने अन्य दो दोस्तों के साथ मिलकर पैसे लूट लिए। सूचना मिलते ही मिलते ही कार्रवाई करते हुए पटेवा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने महज चार घंटे के भीतर ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि घटना को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी रुपए का बंटवारा कर अपने-अपने रास्ते चले गए थे। पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए तीन आरोपियों को रायपुर से और एक आरोपी को तेंदूकोना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पीडि़त दिनेश साहू और उसकी बहन की होली के बाद शादी है। वह महासमुंद की सब्जी मंडी में काम करता है। साथ ही तुमगांव क्षेत्र के एक फॉर्म हाउस में मैनेजर का कामकाज भी देखता है। शादी के लिए खरीदारी सहित अन्य कार्य के लिए उसने अपने मालिक से 1.10 लाख रुपए उधार लिए थे। बुधवार को वह अपनी बाइक सीजी 06 जीपी 0753 से बैग में 1.10 लाख रुपए लेकर पिथौरा जा रहा था। दोपहर को वह जब पटेवा बस स्टैंड पहुंचा तो आरोपी कुमार ठाकुर ने हाथ देकर बाइक को रुकवाया और आगे तक छोडऩे के लिए लिफ्ट मांगी। दिनेश ने उसे बाइक में बिठाया। दोनों पिथौरा की ओर रवाना हुए। रास्ते में तेेेंदूवाही मोड़ के पास पहले से ही दो आरोपी बिहारी लाल व उसका साला कुशल ध्रुव खड़े थे।
दिनेश जैसे ही तेंदूवाही मोड़ के पास पहुंचा, पीछे बैठे कुमार ने उसके गर्दन में चाकू अड़ाकर रोक लिया। इसके बाद तीनों आरोपी दिनेश का बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार घटना बुधवार दोपहर 12.40 बजे की है। मामा को पहले से मालूम था कि दिनेश को 9 मार्च को उसका सेठ उसे 1.10 लाख रुपए देने वाला है। रुपए मिलने की बात एक सप्ताह पहले ही प्रार्थी दिनेश ने अपने मामा नेतराम साहू को बताई थी।
पुलिस ने चुरूपाली थाना तेंदूकोना निवासी दिनेश साहू के साथ लूटपाट करने वाले उसके मुंहबोले मामा चुरूपाली निवासी नेतराम साहू, घटना का मास्टर माइंड ग्राम जम्हर थाना पिथौरा निवासी कुमार ठाकुर, ग्राम नैला जांजगीर चांपा निवासी बिहारी लाल कश्यप और ग्राम मोखा थाना कोमाखान निवासी कुशल ध्रुव को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि चारों एक दूसरे को अच्छे तरीके से जानते हैं। इन सभी ने पहले भी पैसा झरन व हंडा निकालने की बात को लेकर लोगों को ठगा है, हालांकि इनका महामसुंद जिले में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पूछताछ के दौरान इन्होंने ठगी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक नेतराम ने अपने परिचत कुमार ठाकुर, बिहारी लाल व कुशल ध्रुव को अपने साथ शामिल किया। इनका प्लान पहले रास्ते में ही लूट का था, लेकिन एनएच-53 में आवाजाही को देख योजना बदल दिया। साइबर सेल प्रभारी संजय सिंह राजपूत अपनी टीम के साथ मामले की पड़ताल कर रहे थे। एनएच- 53 बलिया ढाबा के पास उन्हें कुमार ठाकुर मिला। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया तो पता चला कि उक्त घटना को नेतराम ने अपने साथियों के साथ अंजाम दिया है।