महासमुन्द

बागबाहरा को अनुविभाग का दर्जा, मिलेगी सुविधा
10-Mar-2022 6:34 PM
बागबाहरा को अनुविभाग का दर्जा, मिलेगी सुविधा

महासमुंद, 10 मार्च। जिले के बागबाहरा ब्लॉक मुख्यालय में पिछले 4 साल से अनुविभाग कार्यालय का संचालन किया जा रहा है। करीब इतने ही अरसे से यहां एसडीएम बैठ रहे हैं और कामकाज का संचालन भी कर रहे हैं। अब जाकर बागबाहरा एसडीएम को अपना कार्यालय, स्टॉफ, गाड़ी सहित अन्य सुविधाएं मिलना शुरू होंगी। क्योंकि कल बुधवार को ही छत्तीसगढ़ के बजट में इसे शामिल करते हुए बागबाहरा को अनुविभाग का दर्जा दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा में जो बजट पेश किया है,उसके अनुसार प्रदेशभर में 11 नए अनुविभागीय राजस्व कार्यालयों की स्थापना की जाएगी। जिसमें महासमुंद जिले का बागबाहरा भी शामिल है। साल 2018 में तात्कालीन मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह विकास यात्रा के दौरान बागबाहरा आए हुए थे। इसी दौरान आमजनों की मांग पर उन्होंने बागबाहरा में अनुविभाग कार्यालय शुरू करने की घोषणा की थी।

तत्कालीन सीएम की इस घोषणा को त्वरित रूप से अमल में लाया गया और उस समय के कलेक्टर हिमशिखर गुप्ता ने अनुविभागीय कार्यालय के संचालन का आदेश देते हुए एसडीएम की नियुक्ति की। साल 2018 से ही यहां एसडीएम कार्यालय का संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में बागबाहरा अनुविभाग की एसडीएम डॉ. स्निग्धा तिवारी हैं।


अन्य पोस्ट