‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 24 दिसंबर। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पटपर पाली में आरआईडीएफ योजना अंतर्गत 24लाख 34 हजार रुपए की लागत से बनने वाले गोडाउन निर्माण कार्य का भूमि पूजन छत्तीसगढ़ शासन के संसदीय सचिव व विधायक द्वारिकाधीश यादव के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि उपज मंडी समिति बागबाहरा के अध्यक्ष तेजन चंद्राकर ने की। विशेष अतिथि की आसंदी पर जिला पंचायत सदस्य बसंता ठाकुर, सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष मनोहर ठाकुर, ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रवि निषाद, सरपंच ग्राम पंचायत पटपर पाली राजेंद्र शर्मा विराजमान रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा अर्चना से हुई तत्पश्चात उपस्थित अतिथियों के कर कमलों से गोडाउन निर्माण का भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। तत्पश्चात मंचीय कार्यक्रम प्रारंभ हुआ जिसमें उपस्थित अतिथियों ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
संसदीय सचिव ने राज्य के भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी की सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की सारगर्भित जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ देश का इकलौता राज्य है जहां गोबर और गोमूत्र की खरीदी हो रही है, वहीं छत्तीसगढ़ में पूरे देश का सर्वश्रेष्ठ समर्थन मूल्य भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी की सरकार दे रही है साथ ही ग्रामों के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है और गौमाता को संवर्धन और सुरक्षा प्रदान करने के लिए गोबर और गोमूत्र की खरीदी करते हुए एक इतिहास रचा है। श्री यादव ने बताया कि सीएम द्वारा जो छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास के नवाचार की पहल की जा रही है उसकी गूंज समूचे विश्व में सुनाई दे रही है जिसके चलते विश्व के कोने-कोने में निवासरत भारतीय छत्तीसगढ़ का नाम भली-भांति जान और पहचान रहे हैं।
इस प्रकार अपने परिश्रम और आप जनता के सहयोग के चलते मुख्यमंत्री जी ने छत्तीसगढ़ का नाम विश्व पटल पर ऊंचा किया है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विष्णु महानंद, सरपंच संघ अध्यक्ष एडिशन ठाकुर खोमेश साहू, हरिशंकर यादव, डूमरौतीन ठाकुर, कांति प्रसाद तिवारी, राजेश सोनी, पंकज मिश्रा, बालकृष्ण चंद्राकर, तूफान दीवान, मिनीश्वर साहू, गोपी साहू, मनोज चंद्राकर ,मुंशी राम साहू, प्रीतम साहू बड़ा खान, जयंती चंद्राकर, शिव उपाध्याय, करतार नायक के साथ-साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि गण, कांग्रेसजन तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।