महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 दिसंबर। महासमुंद शहर के जरूरतमंद बुजुर्गों को सुबह 9 से 11 बजे तक अस्पताल पहुंचाने और वापस घरों तक लाने के लिए नि:शुल्क परिवहन सेवा की शुरुआत की गई है। जानकारी के मुताबिक इस वक्त 350 बुजुर्ग महासमुंद शहर में रहते हैं। इनके लिए एक हेल्प लाइन मोबाइल नंबर 7722897709 भी जारी किया गया है। इस नंबर पर कॉल करने पर सम्बंधित बुजुर्ग को अस्पताल लाने और ले जाने की नि:शुल्क परिवहन सुविधा वालंटियर्स द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। यह सेवा सप्ताह के 6 दिन सोमवार से शनिवार जारी रहेगी। कल इस सेवा की शुरुआत महासमुंद नगर के वार्ड 2 इमलीभांठा एरिया की दो बुजुर्ग माताओं उर्मिला तम्बोली उम्र 62 वर्ष और सोबती साहू उम्र 65 वर्ष से की गी। कल इन्हें जिला अस्पताल महासमुंद ले जाकर इलाज के बाद वापस उनके घरों तक नि:शुल्क छोड़ा गया।
गौरतलब है कि महासमुंद शहर के साथ-साथ जिले के गांवों में कई वृद्धजन ऐसे हैं जो अकेले जीवन गुजार रहे हैं। उनकी देखरेख करने वाला कोई नहीं हैं। देखरेख करने वाले हैं भी तो ऐसे सदस्य परिवार में नहीं हैं जो तबियत खराब होने पर बुजुर्गों को अस्पताल ले जा सकें। कहीं पर ऐसा है कि घर में पुरुष सदस्य नहीं है। यदि कोई ऑटो या अन्य किराए के वाहन से अस्पताल जाना चाहें तो घर से बहुत दूर पैदल जाना पड़ता है। ऐसे बुजुर्गों के लिए सियान के धियान नाम से नि:शुल्क परिवहन सेवा महासमुंद नगर के 6 युवा स्वयं सेवकों, वालंटियर्स ने कल शनिवार से शुरू की है।
सियान के धियान सेवा कार्यक्रम पूर्णत: जन भागीदारी के आधार पर संचालित है। इसकी कार्ययोजना जिला महिला बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदले द्वारा बनाई गई है। उनका कहना है कि हम सबके अंदर कोई अच्छा काम करने की इच्छा जरूर होती है। समाज सेवा का भाव भी होता है। निजी जीवन और समय की बाध्यताओं के कारण हम ऐसा कर नहीं पाते हैं। जैसे कि हम सप्ताह में 1 घण्टे ऐसा कुछ करना चाहते हैं। लेकिन क्या करें।
इसके लिए कोई प्लेटफार्म नहीं मिल पाता है।
उन्होंने नगर के अन्य सेवाभावी लोगों से भी सप्ताह में 1 या 2 घण्टे का समय देकर इससे जुडऩे की अपील की है। श्री बोदले आगे कहते हैं कि हममें हमारे समुदाय के प्रति संवेदनशीलता होनी चाहिए। हर काम में सरकारी मदद की राह देखने से बेहतर है कि हमारा समाज स्वावलंबी बने, इसका प्रयास करना चाहिए। हमको यह सब करते हुए देखकर हमारे बच्चे भी इसे सीखेंगे। इस तरह के सामुदायिक प्रयास सभी नगर, वार्ड, कस्बे और ग्राम के कुछ युवा मिलकर कर सकते हैं। यह मदद भले बहुत छोटी हो, परन्तु इससे बुजुर्गों को मिलने वाला सम्बल और सपोर्ट बहुत बड़ा होगा।
इस सेवा कार्य से जुडऩे के लिए एक सम्पर्क नंबर जारी किया गया है जिसमें सुधाकर. 9752100372, सुरेश शुक्ला 9770897709, आशीष पांडे 9450854954 नंबर शामिल हैं। सियान के धियान सेवा के संचालन में समाजसेवी सुरेश शुक्ला,गांधी फेलो आशीष पाण्डे के साथ महिला बाल विकास विभाग महासमुंद शहरी परियोजना के शैल नाविक, पर्यवेक्षक शीला प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राखी दुबे, हाजरानिशा खान, जानकी आर्य का सक्रिय और स्वैच्छिक योगदान है। नगरपालिका महासमुंद के उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर ने भी इस सेवा कार्य से जुडक़र नगर के बुजुर्गों की हर सम्भव मदद करने का आश्वासन दिया है।



