रंग बिरंगे बैल-पोला, मिट्टी के बर्तनों की दुकानें सजी
कल मनाया जाएगा पोला, घरों में छत्तसीगढ़ी व्यंजनों का भोग लगेगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 सितंबर। इस वर्ष पोला त्योहार की तैयारी बाजारों में खास दिखाी दे रही है। महासमुंद शहर के फुटपाथ पर साज सज्जा के साथ अलग-अलग रंगों के साथ कई डिजाइनों में मिट्टी से बने बैल, चूल्हा, चुकी,मटका, कढ़ाई, गंजी, बेलन, बाल्टी समेत अन्य प्रकार से बने मिट्टी के सरोई में उपयोग आने वाले बर्तनों की दुकानें लगी हैं। महासमुंद में अब भी पोला का त्यौहार उल्लास के साथ मनाया जाता है। गांवों में कई जगह दंगल का भी आयोजन किया जाता है। वहीं स्थानों पर बैलों की दोड़ स्पर्धा भी आयोजित होते हैं।
14 सितंबर को छत्तीसगढ़ का पारंपरिक त्यौहार पोला का आयोजन होगा। यह त्यौहार किसान और बच्चों दोनों का है। इस त्यौहार को लेकर इस साल लोगों में खासा उत्साह देखने के लिए मिल रहा है। पिछले साल की तरह इस बार भी सडक़ किनारे मिट्टी के सुंदर-सुंदर बैल, बच्चियों के खेलने के लिए मिट्टी से बनी रसोई के सामान खरीदकर घर के बड़े सहर्ष ले जा रहे हैं। पूजा-अर्चना के लिए मिट्टी के बैल व खिलौनों के इस बाजार को इस साल अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इस तरह भले ही जिंदा बैल भले ही गलियों और सडक़ों पर दौड़ते नहीं मिलते लेकिन जिंदा बैलों की तुलना में मिट्टी के बैलों की खरीददारी अभी कोई कमी नहीं आई है। इस बार मिट्टी के बैल जोड़ी की कीमत 50 रुपए से दो सौ रुपए तक है, वहीं पचास रुपए में मिट्टी का पोला सहज ही मिल रहा है।
महासमुंद में कोतवाली के सामने, आशीबाई स्कूल के सामने, गोल बाजार में मिट्टी से बने बैल और खिलौनों का बड़ा बाजार लगा हुआ है। रंग बिरंगे और कई डिजाइनों में बने इन खिलौनों और बैलों से पोला पर्व का उत्साह बनता है। लाल, पीले, हरे, नीले बैल, पोला, मटका, कडाही, चूल्हा, बेलन आदि अन्य प्रकार के मिट्टी के बर्तनों की दुकानें इस साल सजी हुई हैं।
मालूम हो कि इस पर्व के दिन किसान अपने खेतों में काम नहीं करते, बल्कि बैलों को स्नान करा उनका श्रृंगार करते हैं। घरों में छत्तीसगढ़ी व्यंजन खुर्मी, ठेठरी, चीला, गुलगुला भजिया, बोबरा सहित अन्य पकवान बनाकर भगवान को भोग लगाकर बैलों को खिलाते हैं। बच्चों के मन में बैलों के प्रति सम्मान की भावना जागृत हो, इसलिए जिनके घरों में बैल नहीं हैं, वे मिट्टी के बैलों की पूजा करते हैं।
मान्यता है कि पोला पर्व के दिन किसानों को खेतों में नहीं जाना चाहिए। कहा जाता है कि इसी दिन अन्न माता गर्भ धारण करती हैं। धान के पौधों में दूध भरता है। शहर में पर्व के दिन बैल दौड़, श्रृंगार प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। अत: कल पोला त्यौहार को किसान मिट्टी के बैल और रसोई के बर्तनों की विशेष पूजा करेंगे। पश्चात बच्चे गांव की सडक़ों पर, गलियों में मिट्टी के बैल घुमाएंगे।