महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद ,12 सितंबर। आज जिले की सिंघोड़ा पुलिस ने छग-ओडिशा बॉर्डर के पास 31 लाख नगदी समेत रायपुर के 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सिंघोड़ा थाना पुलिस ने अन्तरराज्जीय चेक पोस्ट रेहटीखोल (छग-ओडिशा बॉर्डर) के पास बरगढ़ ओडिशा की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की कार से 31 लाख रुपए बरामद किए हंै। उक्त कार में दो व्यक्ति बैठे मिले। पूछताछ करने पर ड्राईवर सीट पर बैठा व्यक्ति ने अपना नाम शेख कासीम (35 वर्ष) मौहदापारा रायपुर एवं बगल सीट पर बैठा व्यक्ति ने अपना नाम आलोक कुमार अग्रवाल (42 वर्ष) समता कॉलोनी रामसागर पारा रायपुर बताया है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरगढ़ ओडिशा से व्यवसाय के सिलसिले में रायपुर जा रहे थे। आलोक कुमार अग्रवाल ने अपने पास रखे झोले में पूछताछ करने पर नगदी रकम होना बताया।
आरोपियों के जवाब संतोषप्रद नहीं होने पर पुलिस ने थैले की तलाशी ली। थैले में भारतीय करेंसी नोट 500, 200,100 रुपये के नोट थे। जिसमें 500 वाले 60 बंडल प्रत्येक बंडल में 100-100 नोट, दो बंडल 200 रुपए के प्रत्येक बंडल में 100- 100 नोट कुल 40 हजार, दो बंडल 100 रुपए के प्रत्येक बंडल में 100-100 नोट 20 हजार रुपए, 500 रुपए के 21 नोट 10500 रुपए, दो सौ रुपए के 21 नोट 4200 रुपए, सौ रुपए के 53 नोट 5300 रुपए कुल नगदी रकम 30 लाख 80 हजार रुपए रखे मिले।
मौके पर ही गिनती कर उक्त नगदी रकम के संबंध में पूछताछ की गई। बताया कि संबलपुर ओडिशा के गांव में धागा एवं रंग का कारोबार करते हैं। इसी धंधे का पैसा एकत्र कर रायपुर ले जा रहे हैं, लेकिन रुपए के संबंध में कोई भी दस्तावेज नहीं होने के कारण दोनों व्यक्तियों के पास से रुपए के अलावा परिवहन में प्रयुक्त कार बरामद कर मामला थाना सिंघोड़ा में धारा 102 दर्ज किया गया है।