महासमुन्द
पखवाड़े भर पहले हुए थे भर्ती, पुणे में चल रही थी ट्रेनिंग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 सितंबर। विकासखंड के ग्राम खम्हारपाली के एक जवान की ट्रेनिंग के दौरान मौत हो गई।
फौजी वीरेश कुमार की करीब 15 दिन पहले 15 बॉर्डर रोड आर्गेनाइजेशन में भर्ती हुई और सीधे ट्रेनिंग के लिए पुणे गए हुए थे। अचानक उनके निधन की खबर सुनते ही परिवार सन्न रह गया। क ल शाम 4.30 बजे तिरंगे से लिपटा उनका शव खम्हारपाली पहुंचा। यहां आते ही उसे पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
26 साल का नौजवान वीरेश कुमार का शव लेने उनके पिता हेमचरन साहू सबसे पहले पहुंचा। इस वक्त गांव में मातम छा गया। गांव वाले सभी लोग वीरेश के घर एकत्र हुए थे। उनके साथ पहुंचे जवानों ने घरवालों को बताया कि वीरेश ट्रेनिंग के दौरान दौड़ते समय अचानक बेसुध होकर गिर गए। बाद में डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गांव में सभी की आंखें नम थी। उन्हें श्रद्धांजलि देने राजस्व विभाग, अधिकारी पहुंचे हुए थे। वीरेश के पिता मूलत: किसान हैं। उनके दो भाई व एक बहन है। वीरेश कुमार भाई बहनों में सबसे बड़े थे। सरायपाली थाना प्रभारी शिवानंद तिवारी, सिंघोड़ा थाना प्रभारी उमेश वर्मा सहित पुलिस स्टाफ, खम्हारपाली परिवहन चेक पोस्ट कर्मचारी सहित महासमुंद रक्षित केंद्र आए पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
इसके बाद पुलिस टीम ने शव को परिजनों को सौंपा। देर शाम परिवार, सामाजिक जन, ग्रामवासियों द्वारा उनका अंतिम संस्कार किया गया।