महासमुन्द

शिक्षा के अधिकार के तहत इस साल भी नहीं भर पाई जिले के निजी स्कूलों की सीटें
13-Sep-2023 3:34 PM
शिक्षा के अधिकार के तहत इस साल भी नहीं भर पाई जिले के निजी स्कूलों की सीटें

महासमुंद, 13 सितंबर। शिक्षा के अधिकार के तहत जिले के निजी स्कूलों में इस साल भी सीटें नहीं भर पाई हैं। पूरी 1676 में से 118 सीटें खाली रह गईं हैं। हर साल यही स्थिति सामने आती है। चूंकि अधिकांश पालक बड़े निजी स्कूलों को प्राथमिकता देते हैं। इस कारण अन्य कूलों की सीटें रिक्त रह जाती हैं। साथ ही कई पालक अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में ही पढ़ाना चाहते हैं। इस कारण हिंदी माध्यम स्कूलों की सीटें खाली रह जाती हैं। 

मालूम हो कि कोरोनाकाल से ही आरटीई के तहत प्रवेश की प्रक्रिया में देरी हो रही है। पहले चरण की प्रक्रिया मार्च से शुरू होती है। जिसकी प्रथम सूची मई माह के अंतिम सप्ताह में जारी की जाती है। जून में प्रवेश दिया जाता है और जुलाई में दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होती है और अगस्त में प्रक्रिया समाप्त हो जाती है। 

इस तरह प्रक्रिया लंबी होने से बच्चों की पढ़ाई भी पिछड़ जाती है। नई शिक्षा नीति के कारण इस वर्ष आरटीई की सीटें कम हो गई थी। शिक्षा विभाग के आरटीई प्रभारी देवेश चंद्राकर ने बताया कि ज्यादातर पालक बड़े स्कूलों का चयन करते हैं। लेकिन वहां तय सीट के हिसाब से ही प्रवेश मिलता है। शेष बच्चे छूट जाते हैं। इस कारण सीटें रिक्त रह जाती है। इस बार कुल 1676 सीटों में 1558 छात्रों ने दाखिला लिया। इस वर्ष भी 118 सीटें रिक्त रह गईं। जिले में 217 अंग्रेजी व हिंदी माध्यम के निजी स्कूल हैं।


अन्य पोस्ट