महासमुन्द

जितना बड़ा संघर्ष होगा जीत उतनी ही शानदार होगी-उमेश
12-Sep-2023 2:49 PM
जितना बड़ा संघर्ष होगा जीत उतनी ही शानदार होगी-उमेश

विश्व दिग्विजय दिवस पर खरोरा में कार्यक्रम 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 सितंबर।
मुझे गर्व है कि मैं एक ऐसे धर्म से हूं, जिसने दुनिया को सहनशीलता और सार्वभौमिक स्वीकृति का पाठ पढ़ाया है। मुझे गर्व है कि मैं एक ऐसे देश से हूं, जिसने इस धरती के सभी देशों और धर्मों के परेशान और सताए गए लोगों को शरण दी है। उक्त उद्गार मिडिल स्कूल खरोरा में आयोजित कार्यक्रम विश्व दिग्विजय दिवस के अवसर पर प्रधान पाठक उमेश भारती गोस्वामी ने कही। 
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने विदेश की धरती पर 11 सितंबर 1893 को शिकागो, अमेरिका में हुए विश्व धर्म सम्मेलन में देश की संस्कृति का परचम फहराया। उठो जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए जैसे संदेश देने वाले स्वामी विवेकानंद जी कहते थे कि जितना बड़ा संघर्ष होगा जीत उतनी ही शानदार होगी। स्वामी जी युवाओं के प्रेरणास्रोत रहे। तीन वर्ष तक वे अमेरिका रहे और वहां के लोगों को भारतीय तत्वज्ञान की अद्भुत ज्योति प्रदान करते रहे। उनका मानना था कि अध्यात्म.विद्या और भारतीय दर्शन के बिना विश्व अनाथ हो जाएगा। 
इस अवसर पर छात्राध्यापिका दामिनी चन्द्राकर ने जिनके ओजस्वी वचनों से गूंज उठा था विश्व गगन, वही प्रेरणा पुंज हमारे स्वामी पूज्य विवेकानंद गीत गाया। भूमिका चन्द्राकर ने शिकागो धर्म सभा के कुछ अंश व खुशबू साहू ने स्वामी जी के जीवन दर्शन पर प्रेरक प्रसंग का वाचन किया। 
इस अवसर पर विवेकानंद के शिकागो भाषण से संबंधित टेली फिल्म की प्रस्तुति भी की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के वरिष्ठ शिक्षक डोमार राम साहू, रामेश्वरी ध्रुव, मोना चन्द्राकर, दुबे कुमार पटेल व बाल संसद का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन छात्राध्यापिका सोहद्रा साहू व आभार प्रदर्शन सांस्कृतिक प्रभारी साक्षी चन्द्राकर ने किया। 


अन्य पोस्ट