महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बसना, सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त व्यय प्रेक्षक योगेश कुमार शर्मा एवं महासमुंद और खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त व्यय प्रेक्षक निलेश राउतकर और दोनों विधानसभा के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक विवेक एल भीमनवार तथा जफर मलिक ने कल संयुक्त रूप से पिटियाझर स्थित मंडी परिसर में निर्मित स्ट्रॉन्ग रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके पूर्व कलेक्टर कार्यालय के चारो नामांकन कक्ष सहित अन्य निर्वाचन कार्यों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने सरायपाली.39, बसना.40, खल्लारी.41 व महासमुंद.42 विधानसभा क्षेत्रों के लिए नियुक्त टीम की जानकारी सहित अन्य आधारभूत जानकारियां दी। तत्पश्चात सभी प्रेक्षकों ने मंडी परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया। स्ट्रांग रूम में प्रेक्षकों द्वारा मतदान सामग्री वितरण व्यवस्था, मतदान सामग्री वापसी की व्यवस्था, मतगणना स्थल तक पहुंच मार्ग, बिजली, इंटरनेट कनेक्शन, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं, विधानसभा वार आगमन, निकासी तथा पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य कार्यों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिये। प्रेक्षकों ने कहा कि मतदान दलों को सामग्री वितरण के दौरान सुव्यवस्थित तरीके से मतदान सामग्रियों का वितरण किया जाए।
उन्होंने कहा कि वाहनों की व्यवस्था के लिए पहले से सेक्टर वाईज प्लानिंग कर लेवें। शौचालय सहित प्रांगण में विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से जारी रहे। परिसर में लगाए गए सभी सीसी टीवी कैमरा का परीक्षण भी कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां 15 नवम्बर तक आवश्यक रूप से पूर्ण कर लेवें। इस दौरान कलेक्टर प्रभात मलिक ने सभी तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी निर्भय साहू सहित पुलिस एवं सभी संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।