वल्लभाचार्य में छत्तीसगढ़ी व्यंजन बनाओ स्पर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 नवंबर। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 4 नवम्बर को एमए राजनीति विज्ञान के प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के छात्र.छात्राओं के बीच छत्तीसगढ़ी व्यंजन बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ.अनुसूया अग्रवाल, डॉ. मालती तिवारी विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान विभाग, केशर चंद्र बनपाल सहायक प्राध्यापक राजनीति विज्ञान, विजय कुमार मिर्चें तथा विनय राज साहू उपस्थित थे। दीप प्रज्जवलन पश्चात सरस्वती वंदना तथा स्वागत गीत आकाश साहू तृतीय सेमेस्टर के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने लोक कला, संस्कृति एवं तीज त्यौहार के लिए विश्व प्रसिद्ध है। यहां पर निवास करने वाले अलग-अलग समाज और पंथ के लोगों द्वारा अपने पर्व पर अनेक प्रकार के व्यंजन बनाए जाते हैं। कला और संस्कृति का संरक्षण विभिन्न तीज त्यौहार को मनाने के साथ-साथ इन अवसरों पर बनाए जाने वाले देसी व्यंजन के माध्यम से किया जा सकता है। ताकि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली ऐतिहासिक परंपरा को हम अपने आने वाले भावी पीढ़ी को हस्तांतरित कर पाएं।
विभागाध्यक्ष डॉ. मालती तिवारी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी व्यंजन ठेठरी, खुरमी, बरा, सोहारी, पपची, अइरसा, मालपुआ, अंगाकर रोटी, चीला चौसेला इत्यादि विविध प्रकार की देशी व्यंजन छत्तीसगढ़ में बनाये जाते हंै। वैसे छत्तीसगढ़ राज्य अपने मातृ राज्य मध्यप्रदेश से पृथक होकर 1 नवंबर 2000 को बना। यह प्रदेश यहां निवास करने वाले लोगों के कर्मठता के कारण उतरोत्तर प्रगति प्राप्त कर रही है।
इस अवसर पर तृतीय सेमेस्टर से सोनम साहू, कुसुम लता साहू, नम्रता निषाद, दामिनी दीवान, दुलेशिया निषाद, करुणा टंडन, ज्योति जांगड़े, रेखा जांगड़े, भानुप्रिया, नंदनी विश्वकर्मा तथा प्रथम सेमेस्टर से टिकेश्वरी, सना बानों, पूनम पटेल, हिना साहू, सुल्ताना,गोपी सिन्हा इत्यादि छात्र.छात्राओं ने भी अपने बनाये देशी व्यंजनों को प्रदर्शनी में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त केसर चंद्र बनपाल एवं संचालन विजय कुमार मिर्चे के द्वारा किया गया ।