शिक्षकों का शॉल श्रीफल से किया सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 सितंबर। गुरुओं द्वारा ही हमें ईश्वर अर्थात गोविंद का बोध हुआ है। ईश्वर से पहले गुरुजनों का स्थान व महत्वता बताई गई है। उक्त उद्गार पालिका परिसर में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने कही।
श्रीमती महिलांग ने कहा कि गुरुजनों का दर्जा ईश्वर से भी पहले माना गया है व इनके ही दी शिक्षा से मानव जीवन मे ज्ञान पुंज की प्राप्ति होती है। मानव समाज मे शिक्षक को प्रथम श्रेष्ठ माना गया है, हम सभी के जीवन को सार्थक शिक्षक के द्वारा दिए ज्ञान से प्राप्त होता है।
कार्यक्रम में सम्मान प्राप्त वरिष्ठ शिक्षाविद साधना कसार ने जीवन मे शिक्षा और उसके महत्व व गुरुजनों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों की वर्तमान समाज मे विकास के लिए योगदान देने की बात कही।
पूर्व सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी सौरिन चंद्रसेन ने शिक्षक को मिट्टी से विभिन्न आकृति गढऩे वाला कुम्हार बताते हुए समाज के विभिन्न विभूतियों की जननी बताते हुए उन्होंने कविता के माध्यम से शिक्षक के कार्यो के बारे में प्रकाश डाला। सेवानिवृत्त शिक्षक उधम सिंह रामगढिय़ा ने शिक्षक को शिक्षा के प्रकाश का ध्वज वाहक बताते हुए नपाध्यक्ष राशि महिलांग को श्रेष्ठ गुरु की सफल शिष्या बताया। पूर्व विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी के आर चन्द्राकर ने एक शिक्षक द्वारा अपने सेवाकाल में समाज के विकास में योगदान व सेवानिवृत्त होने पर अपने शिष्यों की सफलताओं में हर्षित होने के बारे में विस्तार से बताया।
सेवानिवृत शिक्षिका मधु शर्मा द्वारा अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि शिक्षा व शिक्षक मानव समाज की उन्नति का प्रथम अध्याय है। जीवन को सही दिशा व दशा के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय है। सम्मान कार्यक्रम आहूत करने के लिए नपाध्यक्ष का आभार जताया। सेवानिवृत्त शिक्षिका श्रीमती निर्मला श्रीवास्तव ने कविताओं के माध्यम से शिक्षक दिवस व शिक्षा के मानव जीवन मे महत्व में विस्तार से बात कही। वरिष्ठ प्राध्यापक अब्दुल करीम घोंघी व शिक्षिका श्रीमती दुर्गा पोद्दार ने अपने सेवा कार्यकाल में अनुभवों को साझा किया।
कार्यक्रममें समस्त गुरुजनों को शाल श्रीफल से सम्मान करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य की नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने कामना की। कार्यक्रम में नपाध्यक्ष द्वारा अपने दो साल के कार्यकाल में शहर विकास की संभावनाओ के बारे में समस्त शिक्षकों से उनकी अपनी राय व सुझाव के बारे में जानना चाहा। उपस्थित गुरुजनों ने एक स्वर में वर्तमान पालिका के कार्यो में संतोष जताते हुए महासमुंद बायपास रोड, नहर लिंक रोड निर्माण, रोजगार देने के लिए किसी बड़े उद्योग की स्थापना आदि अनेक विषयों पर कार्य करने की सलाह नपाध्यक्ष श्रीमती राशि महिलांग को दी। कार्यक्रम में सीताराम चेलक, नौशाद बक्श, दिलीप चंद्राकर, करण यादव, गुमान ध्रुव, अभिनव, उमेश साहू, ममता बग्गा,राखी ठाकुर, प्रेमशीला बघेल, रामा, ईशा टंडन, दुर्गेश कुंजेकर, जितेंद्र महंती, मोहर, रामकुमार, हेमा वर्मा युवा नेता अरिश अनवर, अध्यक्ष सहयोगी, नीरज परोहा व सगनजोत सिंघ उपस्थित रहें।