महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 सितंबर। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में झोलाछाप डॉक्टरों और नर्सिंग होम एक्ट का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा है कि झोलाछाप डॉक्टरों और नर्सिंग होम एक्ट का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चिकित्सा विभाग लगातार निरीक्षण कर रही है। जहां भी नियमों का उल्लंघन होते मिलेगा, वहां कार्रवाई होगी।
जिला कलेक्टर विनय लंगेह और चिकित्सा अधिकारी पी.कुदेसिया के मार्गदर्शन में बसना अंचल के भंवरपुर, संतपाली व अन्य जगहों में विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.नारायण साहू के नेतृत्व में स्वास्थ्य, राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम ने निरीक्षण किया।
बीएमओ साहू ने ग्राम संत्पाली और ग्राम भंवरपुर पटेल क्लिनिक स्थित क्लिनिक का निरीक्षण कर आवश्यक दस्तावेज की जांच की और नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों का पालन करने का निर्देश दिया।
साथ ही ग्राम भंवरपुर स्थित मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण कर लाइसेंस की जांच की और डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन अनुसार ही मरीजों को दवाई देने निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से गांव-गांव में संचालित हो रहे क्लीनिक व डॉक्टर की पर्ची के बगैर दवाइयां न बेचने कहा गया है।
विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नारायण साहू ने बताया कि वे क्षेत्र में संचालित अस्पतालों के नर्सिंग होम एक्ट के तहत उपचार व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान हिदायत दी जा रही है कि बगैर डिग्री धारी डॉक्टर के अस्पताल में मरीजों को दवाई न दे। साथ ही मेडिकल स्टोर संचालकों को भी निर्देश दिया जा रहा है कि वे डॉक्टर की पचीं के बगैर दवाइयां न बेचे।
मालूम हो कि दो माह पहले बागबाहरा में 150 ऐसे लोगों को चिह्नांकित किया गया था, जो बगैर डिग्री के ग्रामीण क्षेत्रों में इलाज कर रहे हैं। लेकिन किसी भी डॉक्टर्स पर कोई कार्रवाई अब तक नहीं की गई है। संचालक को उनके द्वारा किए जा रहे अवैधानिक चिकित्सा और दवाई वितरण को तत्काल बंद करने की हिदायत दी है। गांव.गांव में इलाज कर रहे झोलाछाप डॉक्टरों को अवैध इलाज को बंद करने के सख्त हिदायत दी गई। अवैध रूप से इलाज करते पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने की बात कही गई।
खंड चिकित्सा अधिकारी डा.नारायण साहू ने बताया कि झोलाछाप डॉक्टरों व अवैध क्लिनिक संचालकों को अवैध इलाज करने मना किया गया है। यदि इसके बाद भी उनके द्वारा अवैधानिक ढंग से इलाज किया जाता है तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अर्पण कुर्रे, नायब तहसीलदार भंवरपुर, विकास जगत सहित पुलिस विभाग की टीम मौजूद थी।