पीआईसी की बैठक, 33 प्रस्ताव पर चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,4 सितंबर। नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग की अध्यक्षता में कल मंगलवार को नपाध्यक्ष सभाकक्ष में पीआईसी (प्रेसिडेंट इन काउंसिल) की बैठक हुई। बैठक में 33 प्रस्ताव पर चर्चा हुई और सभी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से निर्णय लेकर पारित किया गया। बैठक में सर्वप्रथम पालिका द्वारा लिए जाने वाले सम्पत्तिकर, समेकितकर, जलकर, भवनकर, व्यावसायिक कर के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। जिसमें जनता को राहत देते हुए करों में किसी भी प्रकार की वृद्धि नहीं किए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा लाए गए प्रस्तावों में प्रमुख रूप से भवन एवं भूमि नामांतरण प्रकरण, सामुदायिक सांस्कृतिक भवन के किराया निर्धारण, सिवर सेक्शन मशीन, भवन अनुज्ञा में विकास शुल्क निर्धारण, निकाय सीमा क्षेत्र में एटीएम, मोबाइल टॉवर, पेट्रोल पम्प पर सम्पत्तिकर अधिरोपण पर विचार व निर्णय।
बैठक में निकाय सीमा क्षेत्र में अण्डरग्राउण्ड केबल स्थापना, सम्पत्तिकर अधिरोपण, यूजर चार्ज की एक मुश्त वार्षिक वसूली, प्लेसमेंट संबंधी निविदा का समय विस्तार, शहर के समस्त पानी टंकियों की सफाई, स्वच्छता दीदीयों, सफाई कर्मचारियों की वर्दी खरीदी, एलईडी लाईट क्रय, पालिका को समयमान वेतनमान का लाभ, अध्यक्ष अन्य मद से वार्ड 29 में सामुदायिक भवन में शौचालय निर्माण, श्रीराम वाटिका कालोनी को वैध किए जाने पर निर्णय लिया गया।
इसी तरह तुमगांव रोड ओव्हर ब्रिज हस्तांतरण, संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास द्वारा 3 अगस्त 2024 को जारी पत्र में नहर लिंक रोड, सुभाष नगर, सरस्वती राइस मिल के पीछे स्थित तालाब सफाई, गहरीकरण कार्य समेत कुल 33 प्रस्तावों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से निर्णय लेकर पारित किया गया।
बैठक में सभापति बबलू हरपाल, सरला गोलू मदनकार, पवन पटेल, अमन चंद्राकर, डमरूधर मांझी, सीएमओ विजय पांडेय, उप अभियंता दिलीप कश्यप, स्वच्छता निरीक्षक दिलीप चंद्राकर, जल प्रभारी सीताराम चेलक, करण यादव, नौशाद बक्श समेत अन्य उपस्थित थे। नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने बताया कि इस वर्ष शहर में सभी छोटे.बड़े पंडालों में विराजित की जाने वाली गणेश प्रतिमाओं के लिए पुरुस्कार दिया जाएगा। शहर में सबसे अच्छा पंडाल सजाने और प्रतिमा विराजित की जाने वाली समिति को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिया जाएगा।
इसके लिए पालिका अध्यक्ष द्वारा एक समिति गठित की गई है जिसमें नपाध्यक्ष के साथ सभापति और पार्षद शहर में विराजित पंडालों में जाकर सजावट और प्रतिमा का अवलोकन करेंगे और बाद निर्णय लेकर समितियों को पालिका कार्यालय में पुरुस्कार दिया जाएगा।