‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,9 मई। सुशासन तिहार अंतर्गत कल 8 मई को महासमुंद विकासखण्ड के ग्राम बेमचा हाई स्कूल मैदान में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, जनपद अध्यक्ष दिशा स्वरूप दीवान, जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, देवकी पटेल जनपद सदस्य, प्रदीप चंद्राकर सरपंच बेमचा, मुन्नालाल साहू एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ एस आलोक, एसडीएम हरिशंकर पैकरा, सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्राम बेमचा क्लस्टर में भलेसर, गोपालपुर, कांपा, खैरा, खरोरा, कौंदकेरा, लभराखुर्द, लाफिंनकला, मचेवा, परसदा बी, साराडीह, सोरिद, लोहारडीह से प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 6430 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिनमें 6371 आवेदनों का निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण की कार्रवाई की जा रही है।
इस अवसर पर विधायक, कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए स्टालों का अवलोकन किया और उनके विभाग में कितने आवेदन आए और कितने आवेदनों का निराकरण किया गया, की जानकारी ली। इस अवसर पर विधायक एवं कलेक्टर ने ग्रामवासियों की समस्याओं को तन्यमयतापूर्वक सुनकर निराकरण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप ग्राम पंचायतों के अंतिम व्यक्ति तक समस्या के समाधान के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का निराकरण कर रहे हंै। मुख्यमंत्री सभी वर्गों के हित का ध्यान रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास प्लस सर्वे किया गया, ताकि एक भी पात्र हितग्राही सर्वे सूची में नहीं छूटे और सभी को पक्का आवास मिले।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान कार्ड, जनधन बैंक खाता, महतारी वंदन योजना अंतर्गत हितग्राही लाभान्वित हो रहे है।
श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की दूरदृष्टि सोच के चलते छत्तीसगढ़ निरंतर विकास की ओर बढ़ रहा है। इस अवसर पर विधायक श्री सिन्हा ने सीसी रोड और मुक्तिधाम में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए घोषणा की। उन्होंने कहा कि विकास कार्य के लिए कोई कमी नहीं होगी।