महासमुन्द
जांच के लिए सभी ब्लॉकों में 3 सदस्यीय जांच टीम बनेगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 मई। जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रचलित राशन कार्डों में 15473 राशन कार्ड संदिग्ध मिलने की जानकारी मिली है। इन राशन कार्डों की जांच के लिये अब सभी ब्लॉकों में 3 सदस्यीय जांच टीम बनाई जा रही है। आगामी आदेश तक बीपीएल कार्ड जारी करने पर रोक लगा दी गई है।
मालूम हो कि पूर्व में लगातार राशन कार्डों का सत्यापन किया गया था। लेकिन इसके बाद जब जनपद पंचायत, नगर पालिका तथा पंचायत स्तर पर राशन कार्डों का आवेदन लिया जाना प्रारंभ हुआ, तो इसी दौरान बड़ी संख्या में बोगस राशन कार्ड बनने शुरू हुए। साथ ही वर्ष 2024 में विभाग का पोर्टल भी हैकरों द्वारा हैक कर लिया गया था। फलस्वरूप हैकरों ने पोर्टल का जबरदस्त दुरूपयोग किया। इसी दौरान खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, संचालनालय नवा रायपुर के पत्र क्रमांक 248 खाद्य संचा.652-2025 में महासमुंद जिले में कुल 15473 राशन कार्डों के संदिग्ध होने की जानकारी मिली है। फलस्वरूप अब इन राशन कार्डों के भौतिक सत्यापन की
इसके लिए सहायक नोडल अधिकारी तथा सत्यापन दल का गठन किया गया है। कार्यकर्ता संदिग्ध राशन कार्डों में दर्ज आधार नंबर के आधार पर राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर के डुप्लीकेट राशन कार्डों, 100 वर्ष से अधिक उम्र के सदस्य वाले राशन कार्डों, 12 माह से खाद्यान्न का उठाव नहीं करने वाले राशन कार्ड, 6-12 महीने से खाद्यान्न उठाव नहीं करने वाले राशनकार्ड, 18 वर्ष से कम उम्र वाले राशनकार्ड एवं ऐसे राशनकार्ड जिनके मुखिया सदस्य की मृत्यु हो गई है, शामिल हैं का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
जिले के कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आदेश दिया है कि संदिग्ध राशनकार्डों के भौतिक सत्यापन हेतु निम्नानुसार कार्रवाई किया जावे। भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई संदिग्ध राशनकाडों की सूची विभागीय वेबसाइट के राशनकार्ड मॉड्यूल में उपलब्ध कराई गई है। सत्यापन दल के सदस्यों द्वारा राशनकार्डधारियों के घर जाकर उनके भौतिक रूप से निवासरत होने का तथा राशनकार्ड में दर्ज सदस्य की मृत्यु की जानकारी ली जाएगी।
मालूम हो कि बीते साल भर शहर सहित जिले में अनेक लोगों की मृत्यु ई है। लेकिन उपभोक्ता हैं कि सदस्य की मृत्यु की जानकारी खाद्य विभाग को प्रदान नहीं करते और मृतक के नाम पर खाद्यान्न का उठाव होता रहता है। इससे शासन को प्रतिमाह लाखों का नुकसान होता है। टीम इन राशन कार्डों का भौतिक सत्यापन कर राशन कार्डों का भौतिक सत्यापन कर राशन कार्डों में सत्य नाम यानी जीवित लोगों के नाम पोर्टल में दर्ज करेगी। साथ ही निवासरत पाये जाने पर मुखिया,सदस्यों के आधार नंबर, निवास पता, अन्य आवश्यक दस्तावेजों का मिलान किया जाएगा।
संबंधित क्षेत्र के खाद्य निरीक्षक भौतिक सत्यापन हेतु नोडल अधिकारी होंगे तथा सत्यापन अधिकारी-कर्मचारी भौतिक सत्यापन उपरांत अपनी रिपोर्ट नोडल अधिकारी को प्रस्तुत करेंगे। जिसके आधार पर नोडल अधिकारी खाद्य निरीक्षक तथ्यों की जानकारी विभागीय वेबसाईट के राशनकार्ड माड्यूल पर एवं डुप्लीकेट राशनकार्डों की जानकारी मिलने पर कार्रवाई कर विभाग के पोर्टल में दर्ज कराएंगे।
हालात यह है कि अब तक जिले भर के 12846 उपभोक्ताओं ने ई केवाईसी अपडेट करने में रूची नहीं दिखाई है। अब स्थिति यह है कि इन्हें राशन लेने के लिए अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शासन हर उपभोक्ता को राशन मिले इसके लिए 4 बार तारीखें बढ़ाई। लेकिन उपभोक्ताओं ने ई केवाईसी कराने में रुचि नहीं दिखाई। मिली जानकारी के अनुसार महज डेढ़ वर्ष में शासन ने ई केवायसी के लिए चार बार तारीखें आगे बढ़ाई ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले। बावजूद इसके प्रदेश में सैकड़ों की संख्या तथा महासमुंद जिले में 12846 से अधिक लोगों ने अब तक ई केवाईसी नहीं कराया। फलस्वरूप शासन ने इस बार कड़ाई से इस सभी को ई केवाईसी कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश के मुताबिक जो ई केवाईसी नहीं कराएगा उसे राशन कार्ड से मिलने वाली सुविधाओं से वंचित होना पड़ेगा।