महासमुन्द
पिथौरा, 9 मई। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में अध्ययनरत शिवानी पाल ने कक्षा 10वीं हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में 91 फीसदी अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है। इसके अलावा इसी कक्षा से स्वाति तिवारी ने 82.67 अंक अर्जित कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
कक्षा दसवीं में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा शिवानी पाल के पिता गुपचुप चाट ठेला लगाकर अपना जीवन यापन करते है। शिवानी ने बताया कि उनकी बड़ी बहन भी सरस्वती शिशु मंदिर में ही पढ़ी है। उसने 2022 की बोर्ड परीक्षा में 94 फीसदी अंक अर्जित किये थे।
विद्यालय की प्रशंसा करते हुए शिवानी ने बताया कि यहां की पढ़ाई ने उनके परिवार का जीवन ही बदल दिया है। दोनों बहनों ने कभी ट्यूशन नहीं पढ़ा। स्कूल के आचार्य दीदी जनों के उत्साह वर्धन एवं सटीक पढ़ाई के कारण उनका परिणाम बेहतर आया।
पाल परिवार ने विद्यालय की प्राचार्य गायत्री राजपूत सहित पूरे स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अल्प शुल्क में ही इस परिवार की दो बेटियों ने बोर्ड परीक्षाओं में अव्वल स्थान प्राप्त किया, जिसके लिए विद्यालय परिवार एवं समिति के आभारी है।