‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 1 मई। गुरुकुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोनासिल्ली में भव्य पालक मिलन समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व संसदीय सचिव व वर्तमान विधायक द्वारकाधीश यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, अभिभावकगण एवं गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में सम्मिलित होकर आयोजन को गरिमा प्रदान की।
समारोह की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। दीप प्रज्वलन के साथ विद्यालय परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना। पूजा के उपरांत पालक मिलन समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के पालकों ने शिक्षकगण से संवाद कर शैक्षणिक, नैतिक व सामाजिक विकास पर चर्चा की।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
विद्यालय के विद्यार्थियों ने इस अवसर पर विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। स्वागत गीत, लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, नाट्य प्रस्तुति, कविताएं और प्रेरणादायक नाटक ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। बच्चों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने सभागार में तालियों की गूंज भर दी।
मुख्य अतिथि द्वारकाधीश यादव ने कहा, गुरुकुल विद्यालय एक शिक्षा का मंदिर है जहाँ न केवल पढ़ाई होती है, बल्कि बच्चों के अंदर संस्कार, नैतिक मूल्य और सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना भी विकसित होती है। आज के इस आयोजन में बच्चों की प्रतिभा को देखकर गर्व महसूस हो रहा है। ऐसे आयोजनों से बच्चों का आत्मबल बढ़ता है और माता-पिता को भी उनके विकास की झलक मिलती है।
मैं विद्यालय परिवार को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई देता हूँ और आशा करता हूँ कि यह संस्थान भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष राम नारायण शर्मा, प्राचार्य ममता शीतल मिश्रा, सरपंच प्रतिनिधि जीतराम यादव, जनपद सदस्य बलविंदर सलूजा, उप सरपंच जितेंद्र ध्रुव, नोहर बांधे, उत्तम साहू, भारत दीवान, विद्यालय संचालक सोमदत्त मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पालकगण, क्षेत्रीय नागरिक, माताएं एवं बहनें उपस्थित रहीं।
समारोह का संचालन शिक्षक सोमकांत यादव एवं एम. आर. ध्रुव द्वारा अत्यंत प्रभावशाली ढंग से किया गया। दोनों ने मंच को रोचकता और अनुशासन से सजाए रखा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी आगंतुकों, पालकों और बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। सभी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे विद्यालय की सामाजिक व शैक्षणिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।