बिलासपुर

400 महिलाओं के नाम पर एक करोड़ का फर्जी लोन, पूर्व जनपद सदस्य पत्नी सहित गिरफ्तार
21-Mar-2025 2:07 PM
400 महिलाओं के नाम पर एक करोड़ का फर्जी लोन, पूर्व जनपद सदस्य  पत्नी सहित गिरफ्तार

छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 21 मार्च। सीपत थाना क्षेत्र में 400 से अधिक महिलाओं के नाम पर एक करोड़ से ज्यादा का फर्जी लोन निकालने का मामला सामने आया है। महिलाओं को इसकी जानकारी तब लगी, जब बैंक की ओर से वसूली के नोटिस उनके घर पहुंचे। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि गांव के पूर्व जनपद सदस्य और उनकी पत्नी ने महिला समिति बनाकर धोखाधड़ी की।

सीपत पुलिस ने जांच के बाद आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्राम पोड़ी की निवासी मीना बाई धीवर, शीला मानिकपुरी और दीप मानिकपुरी समेत अन्य महिलाओं ने सीपत पुलिस को शिकायत दी कि गांव के पूर्व सरपंच और पूर्व जनपद सदस्य प्रमिलदास मानिकपुरी और उनकी पत्नी रंजना मानिकपुरी ने महिला समिति बनाने का झांसा दिया और उनके बैंक खाते खुलवाने के लिए आधार कार्ड व जरूरी दस्तावेज एकत्र कर लिए। इसके बाद 55 से अधिक महिलाओं के नाम पर 14 बैंकों से करोड़ों का लोन निकाल लिया गया।

पीड़ित महिलाओं के अनुसार मीना बाई धीवर के नाम पर 1.45 लाख और 40 हजार के तीन लोन लिए गए।  शीला मानिकपुरी के नाम पर 1 लाख, 70 हजार, 50 हजार और 15 हजार के 5 लोन निकाले गए। दीप मानिकपुरी के नाम पर 55 हजार और 40 हजार का लोन लिया गया। इसी तरह आसपास के गावों की कुल 400 महिलाएं इस धोखाधड़ी की शिकार हुईं।  

पीड़ित महिलाओं ने कलेक्टर और एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने प्रमिलदास मानिकपुरी और उनकी पत्नी रंजना मानिकपुरी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बैंकों की भी इस धोखाधड़ी में कोई भूमिका थी।


अन्य पोस्ट