बिलासपुर

डीजे के बीच पटाखों फोड़ने पर चाकूबाजी और तोड़फोड़, एक घायल
12-Feb-2026 2:00 PM
डीजे के बीच पटाखों फोड़ने पर चाकूबाजी और तोड़फोड़, एक घायल

गांव में झड़प के बाद बारातियों को बनाया बंधक, कई वाहन क्षतिग्रस्त
'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 12 फरवरी। रतनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात विवाह समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। डीजे की धुन पर नाचते-गाते बारातियों के बीच पटाखे फोड़ने को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई। घटना में गांव का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, रामकुमार धीवर की पुत्री का विवाह मंगलवार को गढ़वट गांव में आयोजित था। बारात जांजगीर के बनारी गांव से आई थी। रात करीब 11:30 बजे अमरीपारा चौक के पास बाराती डीजे पर नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग पटाखे भी फोड़ रहे थे।

बताया गया कि पटाखों की चिंगारियां आसपास खड़े लोगों पर गिरने लगीं। इस पर त्रिलोक धीवर ने एतराज जताया और पटाखे बंद करने को कहा। इसी बात पर बहस बढ़ गई। आरोप है कि बारात पक्ष के तीन-चार युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विवाद के दौरान एक युवक ने कमर से चाकू निकालकर त्रिलोक धीवर को जान से मारने की धमकी दी और उसके दाहिने हाथ तथा पेट में वार कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, लेकिन त्रिलोक गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसे तत्काल निजी वाहन से सिम्स लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की खबर फैलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। दोनों पक्षों के बीच जमकर झड़प हुई। गुस्साए ग्रामीणों ने बारातियों को घेर लिया और कुछ समय के लिए बंधक बना लिया। इस दौरान चार से अधिक वाहनों में तोड़फोड़ की गई। डरे हुए बारातियों ने पुलिस को सूचना दी। लगभग आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला और माहौल शांत कराया।  

बुधवार शाम बारात पक्ष की ओर से जानकारी दी गई कि दूल्हे के चाचा का बेटा पुष्पेंद्र धीवर (निवासी भरारी, रतनपुर) ने चाकू चलाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसे तथा एक अन्य युवक बंटी धीवर को हिरासत में लिया है। डीजे वाहन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट