बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
करगीरोड (कोटा),16 फरवरी । कोटा नगर के नाका चौक स्थित रजनीश हार्डवेयर में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्तियों ने नगद राशि और सामानों की चोरी की।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार दुकान के पीछे की ओर से प्रवेश कर नगद राशि और कुछ सामान ले जाने की बात सामने आई है। दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी गायब बताया गया है।
दुकान संचालक रजनीश गुप्ता ने बताया कि नगद राशि लगभग 15 से 20 हजार रुपये थी।
उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कुल कितना और कौन-कौन सा सामान चोरी हुआ है। उनके अनुसार दुकान और ऊपर स्थित स्टूडियो का सामान बिखरा मिला।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में चोरी की अन्य घटनाएं भी सामने आई हैं, जिनकी जांच जारी है।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। चोरी की कुल राशि और सामान के संबंध में विस्तृत जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी।


