बिलासपुर

तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से युवक की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार
09-Feb-2026 1:04 PM
तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से युवक की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 9 फरवरी। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से लालखदान ओवरब्रिज पर बाइक सवार एक युवक की जान चली गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, महमंद निवासी विशाल साहू रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे बिलासपुर से अपने घर लौट रहा था। वह अपनी मोटरसाइकिल  से जैसे ही लालखदान ओवरब्रिज पर पहुंचा, तभी तेज और लापरवाही से चल रहे डंपर ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विशाल सड़क पर गिर पड़ा और डंपर के पहिए उसके ऊपर से गुजर गए। सिर और पैर में गंभीर चोटें आने से वह लहूलुहान होकर सड़क पर तड़पता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने डंपर को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

राहगीरों की सूचना पर तोरवा पुलिस थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि लालखदान ओवरब्रिज और उसके नीचे का इलाका शहर के सबसे संवेदनशील यातायात क्षेत्रों में गिना जाता है। यहां भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ओवरब्रिज के नीचे बायपास मार्ग का मुख्य सड़क से मिलना हादसों की आशंका को और बढ़ा देता है।

इस मार्ग में जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी डामर सड़क और असमतल सतह के कारण दोपहिया व छोटे वाहन चालकों का संतुलन अक्सर बिगड़ जाता है। बारिश के दिनों में सड़क पर पानी और कीचड़ भर जाता है, जबकि अन्य दिनों में धूल उड़ती रहती है।  कई बार शिकायतों के बावजूद न तो गति नियंत्रण के ठोस उपाय किए गए हैं और न ही भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती बरती जा रही है। 

 


अन्य पोस्ट