बिलासपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 9 फरवरी। जिले में पत्नी से बातचीत या मुलाकात को लेकर उपजे संदेह के चलते हमले व मारपीट की दो घटनाएं दर्ज की गई हैं।
चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी इलाके में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे शासकीय उच्च प्राथमिक शाला मंगला में पदस्थ शिक्षक अविनाश तिवारी पर हमला किया गया। पुलिस के अनुसार, शिक्षक गीतांजलि कॉलोनी गेट के सामने खड़े होकर धनेश्वरी यादव से पारिवारिक विषय पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान महिला के पति रामकुमार यादव वहां पहुंचा और शिक्षक को अपनी पत्नी से बात करते देख आग-बबूला हो गया।
आरोप है कि उसने शिक्षक से गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट कर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद पास पड़ी ईंट से शिक्षक पर वार किया गया, जिससे उनके बाएं घुटने, बाएं हाथ और दाहिने कंधे में चोटें आईं। आरोपी ने शिक्षक की स्कूटी के मॉनिटर पर भी ईंट मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घायल शिक्षक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला कायम कर विवेचना शुरू की है।
दूसरी घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के बकरा गली, जबड़ापारा की है। गुरुवार रात करीब 9 बजे सिब्बू साहू (32) अपनी एक महिला परिचित से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान महिला का पति पिंटू सोनी अपने साथी सांता केवट के साथ वहां आ गया। पत्नी को किसी अन्य युवक के साथ देखकर विवाद बढ़ा और दोनों आरोपियों ने सिब्बू साहू पर भारी वस्तु से हमला कर दिया।
हमले में युवक के माथे, हाथ और जांघ में गंभीर चोटें आईं। घायल ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद महिला और उसके पति ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए काउंटर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


