बिलासपुर

नाबालिग की बीएमडब्ल्यू ने दो गाड़ियों को मारी टक्कर, 5 युवक घायल
09-Feb-2026 1:06 PM
नाबालिग की बीएमडब्ल्यू ने दो गाड़ियों को मारी टक्कर, 5 युवक घायल

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 9 फरवरी। तिफरा ओवरब्रिज पर देर रात नाबालिग चालक द्वारा चलाई जा रही बीएमडब्ल्यू कार ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने नाबालिग चालक और उसके पिता के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक तिफरा महाराणा प्रताप नगर निवासी रितेश यादव अपने मित्र भरत कश्यप और चेन यादव के साथ बाइक से शहर कपड़ा खरीदने आए थे। वहीं दूसरी बाइक पर विक्की यादव और आकाश वस्त्रकार सवार थे। रात करीब 11:30 बजे सभी युवक तिफरा ओवरब्रिज होते हुए घर लौट रहे थे। जैसे ही वे ब्रिज के ढलान पर पहुंचे, पीछे से तेज गति में आ रही बीएमडब्ल्यू कार ने दोनों बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों पर सवार युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद बीएमडब्ल्यू चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सिरगिट्टी के अनुसार, कार नाबालिग चला रहा था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। घायल रितेश यादव के पिता बहोरन यादव की शिकायत पर नाबालिग चालक और उसके पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125-ए और 281 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 


अन्य पोस्ट