बिलासपुर

महाशिवरात्रि के दिन मंदिर से 5 मूर्तियां चोरी
16-Feb-2026 4:36 PM
महाशिवरात्रि के दिन मंदिर से 5 मूर्तियां चोरी

लुतरा गांव में आक्रोश, जांच के लिए विशेष टीम गठित
'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 16 फरवरी। महाशिवरात्रि के दिन सीपत थाना क्षेत्र के लुतरा गांव में स्थित प्राचीन मंदिर से बाबा राउतराय महाराज सहित पांच देवी-देवताओं की मूर्तियां चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में आक्रोश और मायूसी का माहौल है।

रविवार सुबह विशेष पूजा के लिए जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो मुख्य प्रतिमा और चार अन्य मूर्तियां अपने स्थान पर नहीं थीं। पास में स्थापित बजरंग बली की मूर्ति सुरक्षित मिली।

चोरी की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में भीड़ जुट गई। बुजुर्गों और महिलाओं ने इसे आस्था पर चोट बताया, वहीं युवाओं में नाराजगी साफ दिखाई दी।

ग्रामीणों का कहना है कि बाबा राउतराय महाराज को गांव की स्थापना काल से देव रूप में पूजा जाता है, इसलिए यह घटना उनकी धार्मिक भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाने वाली है।

मंदिर के पास वाहन के टायर के निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़े वाहन से आए और मूर्तियां लेकर फरार हो गए।

सरपंच चंद्रमणि मरावी के नेतृत्व में ग्रामीण सीपत थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि थाने में उन्हें घंटों इंतजार कराया गया। बताया गया कि सीसीटीएनएस सर्वर बंद होने के कारण ऑनलाइन एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी। बाद में पुलिस ने लिखित आवेदन स्वीकार किया।

कुछ ग्रामीणों ने एक आरक्षक पर दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। सीएसपी निमितेश सिंह को मौके पर भेजा गया है। पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द मूर्तियां बरामद नहीं हुईं और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

 


अन्य पोस्ट