बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
करगीरोड (कोटा), 10 फरवरी। कोटा ब्लॉक स्थित पाटिल ग्रुप प्लांट में कार्य के दौरान घायल हुए एक मजदूर को मुआवज़ा और उपचार सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर छत्तीसगढिय़ा क्रान्ति सेना ने कोटा अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा।
संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि प्लांट में कार्य के दौरान एक मजदूर दुर्घटना का शिकार हुआ। संगठन का आरोप है कि सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई, जिसकी जिम्मेदारी प्रबंधन की बनती है। संगठन के अनुसार घायल मजदूर को अब तक न तो नियमानुसार मुआवज़ा दिया गया है और न ही उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है।
छत्तीसगढिय़ा क्रान्ति सेना के पदाधिकारियों ने मांग की कि घायल मजदूर को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए श्रमिक सुरक्षा नियमों के पालन की जांच की जाए। संगठन ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी की है।
एसडीएम कोटा ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर छत्तीसगढिय़ा क्रान्ति सेना के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


