बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 9 अक्टूबर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा गुरूवार को संभाग मुख्यालय राजीव भवन में प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने भाजपा सरकार पर बड़े भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
सुशील मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और भ्रष्टाचार अब एक-दूसरे के पर्याय बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि आनंद ढाबा के सामने ज्योति नर्सरी, हाटकचोरा से करकापाल तक बनी वैकल्पिक बायपास सडक़ में 8 करोड़ 66 लाख 44 हजार रुपए का भारी भ्रष्टाचार किया गया है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए बाहरी वाहनों का परिचालन बंद कर जनता को गुमराह करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि महज चार महीने पहले बनी यह सडक़ अब गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे स्पष्ट है कि निर्माण कार्य में भारी अनियमितता हुई है।
मौर्य ने आगे कहा कि इस सडक़ की स्वीकृति कांग्रेस सरकार के समय हुई थी, लेकिन भाजपा शासन में इसके निर्माण के दौरान पी डब्ल्यू डी अधिकारियों और भाजपा नेताओं की मिलीभगत से भ्रष्टाचार का लंबा खेल खेला गया।
उन्होंने सवाल उठाया कि पूर्व में साढ़े तीन मीटर चौड़ी सडक़ पर भारी वाहन चलाए जाते थे, लेकिन अब 8 करोड़ 66 लाख खर्च करने के बाद भी भारी वाहन नहीं चल पा रहे हैं। इसका जवाब भाजपा के मंत्री, सांसद और स्थानीय विधायक को सार्वजनिक रूप से देना चाहिए। प्रेसवार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतपाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, गौरनाथ नाग, रविशंकर तिवारी, संजय पाणिग्रही, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।


