बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 21 मई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा की सरकार की बुरी नजर केवल बस्तर के संसाधनों पर है। कांग्रेस पार्टी बस्तर के संसाधनों के बंदरबांट के खिलाफ बड़ा जन आंदोलन चलाएगी। हम तीन दिन की पदयात्रा निकाल कर बस्तर के संसाधनों के बंदरबांट का विरोध करेंगे।
आज संभाग मुख्यालय राजीव भवन में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया, जिसे छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संबोधित करते हुए कहा -बस्तर के संसाधनों पर भाजपा सरकार की बुरी नजर है। विष्णुदेव साय की सरकार ने छत्तीसगढ़ को एक बार फिर कॉरपोरेट घरानों का चारागाह बना दिया है। बस्तर की चार बड़ी लौह अयस्क खदानें निजी पूंजीपतियों को इसमें से 2 खदानें बैलाडीला 1ए और बैलाडीला 1बी की खदान आर्सेलर मित्तल को 50 साल के लिए लीज पर दे दिया। बैलाडीला 1सी खदान रूंगटा स्टील को 50 साल के लिए दिया गया। कांकेर जिले के हाहालादी खदान सागर स्टोन को 50 साल के लिए दे दिया गया है। यह शुरुआत है इसके बाद बस्तर के सभी बहुमूल्य खनिज संपदा को अडानी को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य,पूर्व विधायक रेखचंद जैन,नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, ब्लॉक अध्यक्ष सहदेव नाग,अंगद त्रिपाठी, एम वेंकट राव,राजेश राय आदि मौजूद रहे।


