बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 3 अगस्त। दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल क्षेत्र में आई बाढ़ के रूप में भयंकर आपदा के बाद बस्तर सांसद महेश कश्यप प्रभावित क्षेत्र का एवं घरों का तथा प्रभावित परिवारों का जायजा लेने किरंदुल पहुंचे।
लोकसभा सत्र के पश्चात सांसद महेश कश्यप आज किरंदुल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विधायक चैतराम अटामी भी इस दौरान साथ में उपस्थित रहे।
पीडि़त परिवारों तक पहुँच संपर्क कर उनके समस्या के बारे में जाना तथा उन्हें तत्काल राहत प्रदान करने के लिए प्रशासन एवं एनएमडीसी प्रबंधन को निर्देशित किया, इसके साथ ही 2 दिवस पूर्व किरंदुल के बाढ़ प्रभावितों की समस्या के बारे में सांसद महेश कश्यप ने केंद्रीय खनन मंत्री जी. किशन रेड्डी से मुलाकात कर अवगत करवाया था, सांसद महेश कश्यप ने पीडि़त परिवार से मुलाकात कर बातचीत कर राहत कार्यों की समीक्षा की।
आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाक़ात की तथा उनकी समस्याओं को भी सुना, जिसका जल्द निराकरण करने की बात भी कही और एनएमडीसी के अधिकारियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया।
सांसद महेश कश्यप ने अधिकारियों को पीडि़तों की समस्याओ का जल्द से जल्द निराकरण करने हेतु कहा एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को आपदा से पीडि़त लोगों की हर संभव मदद करने हेतु विनम्र आग्रह के साथ निर्देशित किया।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि केंद्रीय खान मंत्री जी किशन रेड्डी से भेंट कर किरंदुलवासियों की समस्या से अवगत करवाया गया है, हमारी सरकार पीडि़तों को यथासंभव मदद करने हेतु संकल्पित है। केंद्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया है और राहत कार्य जारी है और जो भी कुछ समस्या है, उसका जल्द ही निराकरण किया जाएगा।
इस हेतु प्रशासन तथा एनएमडीसी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।


