बस्तर

कांग्रेसियों ने सादगी के साथ मनाया शहीद दिवस
30-Jan-2022 8:43 PM
कांग्रेसियों ने सादगी के साथ मनाया शहीद दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 30 जनवरी।
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के द्वारा आज राजीव भवन में शहीद दिवस गरिमा और सादगी के साथ मनाई गई। शहीद दिवस पर कांग्रेस डिजिटल सदस्यता अभियान के सन्दर्भ में संभाग मुख्यालय जगदलपुर के राजीव भवन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी डॉ. चंदन यादव, सप्तगिरि शंकर उल्का, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित प्रदेश पदाधिकारियों के द्वारा सर्वप्रथम महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और संभाग स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया।

छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी डॉ चंदन यादव और सप्तगिरि शंकर उल्का  ने शहीद दिवस पर महात्मा गांधी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बताया कि गांधी मानते थे कि जिस देश या समाज के पास चिंतन और चेतना नहीं, वह ज्ञान और सेवा का देश या समाज नहीं बन सकता।

प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि गांधी इस पूरी धरती का स्वाभिमान थे। वह ईश्वर, देवता, अवतार कुछ नहीं थे, वह तो इंसान और इंसानियत के नए संस्करण थे।

उन्होंने शस्त्र की ताकत को सत्य की ताकत के सामने झुका दिया। जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष राजीव शर्मा ने उनकी जीवनी पर प्रकाश डालते बताया कि देश की आजादी के महानायक मोहनदास करमचंद गांधी को आज ही के दिन शहीद किया गया था, 30 जनवरी 1948 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

संसदीय सचिव रेखचन्द जैन ने कहा कि आज हमें यह याद है कि अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी ने इस देश को संवारने में अपनी पूरी जिंदगी गुजार दी। आज इस देश में जो अमन और शांति है वह इन्हीं की ही देन है। ऐसे कई विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और इस देश को अंग्रेजी हुकूमत से आजाद कराया जिसके कारण हम और आप खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं।

महापौर सफीरा साहू ने कहा कि राष्ट्र और उसकी स्वतंत्रता के लिए महात्मा गांधी का योगदान बहुत अहम था, वे एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने अहिंसा का पाठ भारत ही नहीं पूरी दुनिया को पढ़ाया और भारत में राष्ट्र की एकता का निर्माण करने का काम किया।

जिला महामंत्री (प्रशासन) अनवर खान एवं पदाधिकारियों ने कहा कि संयम उनकी साधना थी, नियम उनकी नैतिकता थी और यह उनका लोक व्यवहार था।


अन्य पोस्ट