बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर/वाड्रफनगर,20 मई। तहसील कोर्ट परिसर में मंगलवार को सुनवाई के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल निर्मित हो गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एक प्रकरण की सुनवाई तहसील कोर्ट में चल रही थी। इस दौरान आवेदक इलियासुदीन तथा दूसरे पक्ष के रसीद, अफजल और इलियास समेत अन्य लोग कोर्ट में मौजूद थे।
सुनवाई के बीच एक पक्ष द्वारा अधिवक्ता सिद्दीकी के साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने पर विवाद बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि विवाद पहले कोर्ट रूम के भीतर शुरू हुआ और बाद में तहसील एवं सिविल कोर्ट परिसर तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चलने लगे। अचानक हुई मारपीट से कोर्ट परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। बीच-बचाव के दौरान एक अधिवक्ता भी चोटिल हो गए। घटना के चलते कुछ समय तक कोर्ट की कार्यवाही प्रभावित रही तथा कई मामलों की सुनवाई और साक्ष्य प्रक्रिया रोकनी पड़ी।
मामले को गंभीर मानते हुए तहसीलदार द्वारा पुलिस चौकी में ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई, कोर्ट की गरिमा को ठेस पहुंचाई तथा क्षेत्र में अशांति फैलाने का प्रयास किया।
शिकायत में 18 लोगों को नामजद करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170 सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस को कोर्ट परिसर के सीसीटीवी फुटेज एवं घटना की वीडियोग्राफी की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


