बलरामपुर

अफसरों ने साइकिल चलाकर दिया पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश
20-May-2026 9:42 PM
अफसरों ने साइकिल चलाकर दिया पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 20 मई। पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामानुजगंज में प्रशासनिक अधिकारियों ने साइकिल चलाकर आमजन को जागरूक करने का संदेश दिया। इस दौरान एसडीएम आनंद नेताम, तहसीलदार मनोज पैकरा एवं जनपद सीईओ रणवीर साय ने लोगों से दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।

अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में डीजल-पेट्रोल सहित पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती खपत, बढ़ता प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं। ऐसे में साइकिल का उपयोग न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम है, बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का भी प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि छोटी दूरी तय करने के लिए यदि लोग साइकिल का उपयोग करें, तो ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण में भी कमी लाई जा सकती है। साथ ही नियमित साइकिल चलाने से स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहता है।

अधिकारियों ने कहा कि पहले लोग अधिक पैदल चलते और साइकिल का उपयोग करते थे, जिससे उनका स्वास्थ्य अच्छा रहता था और वातावरण भी स्वच्छ बना रहता था। आधुनिक जीवनशैली के बीच अब जरूरत है कि पुरानी सकारात्मक परंपराओं को फिर से अपनाया जाए। उन्होंने साइकिल को सस्ता, सुविधाजनक और पर्यावरण हितैषी साधन बताते हुए कहा कि यह आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्वयं साइकिल चलाकर दिया गया यह संदेश क्षेत्रवासियों के लिए प्रेरणादायी बना। स्थानीय लोगों ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा दे, तो बढ़ते प्रदूषण और ईंधन संकट जैसी समस्याओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।


अन्य पोस्ट