बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,18 मई। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, ईंधन की कमी और खाद्य सामग्री सहित सोना-चांदी के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कुसमी रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आम लोगों से संवाद कर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि के साथ कई पेट्रोल पंपों में ईंधन की कमी भी देखने को मिल रही है, जिससे आम लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि बीमार मरीजों, यात्रियों और शादी समारोह जैसे आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला उपाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।
वहीं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे जनता आर्थिक संकट झेल रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की और पेट्रोल, डीजल व घरेलू गैस की कीमतों में कमी की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


