बलरामपुर

तेंदूपत्ता खरीदी में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा
20-May-2026 9:43 PM
तेंदूपत्ता खरीदी में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा

सडक़ जाम कर किया प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 20 मई। क्षेत्र के शिवपुर में तेंदूपत्ता खरीदी में कथित अनियमितताओं को लेकर मंगलवार देर रात ग्रामीणों और संग्राहकों का आक्रोश फूट पड़ा। खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने रामचंद्रपुर-सनवाल मुख्य मार्ग पर धरना देकर सडक़ जाम कर दी। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

ग्रामीणों का आरोप था कि 100 से अधिक संग्राहकों द्वारा तेंदूपत्ता जमा करने के बावजूद उनके कार्ड में खरीदी की एंट्री नहीं की गई। इससे भुगतान और रिकॉर्ड को लेकर संग्राहकों में नाराजगी बढ़ गई। इसी के विरोध में मंगलवार रात करीब 9 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण और संग्राहक सडक़ पर बैठ गए।

धरना-प्रदर्शन रात लगभग 12 बजे तक जारी रहा, जिससे मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलने पर विजयनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया तथा समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया, जिससे यातायात पुन: सामान्य हो सका।

वहीं गुरुवार सुबह वन विभाग की ओर से डॉ. दिलरुबा बानो वन अमले के साथ खरीदी केंद्र पहुंचीं और तेंदूपत्ता खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संग्राहकों की शिकायतें भी सुनीं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संग्राहकों को भरोसा दिलाया कि खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाएगा। साथ ही सभी संग्राहकों के कार्ड में खरीदी की एंट्री सुनिश्चित करने का आश्वासन भी दिया गया, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।


अन्य पोस्ट