बलरामपुर
बलरामपुर, 18 मई। थाना कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने जुआ खेल रहे 10 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी और ताश पत्ते जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पचावल में देवास कोड़ाकू के घर के सामने महुआ पेड़ के नीचे कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना बलरामपुर पुलिस ने गवाहों और हमराह स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर चटाई बिछाकर जुआ खेलते हुए 10 जुआरियों को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के पास एवं जुआ फड़ से कुल 20 हजार 50 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और चटाई जब्त की।
कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों में प्रेमचंद गुप्ता, बसंत सिंह, बलदेव राम, रमेश सिंह, कृष्णा, रणबीर, जागृत, सोचनराम, श्रवण और दीपक राम शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को विधि अनुसार जमानत मुचलके पर रिहा किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।


