बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज, 15 मई। थाना रघुनाथनगर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते युवक की टांगी मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की पहचान बंधू सिंह आयाम (36 वर्ष) निवासी जनकपुर के रूप में हुई है।
बताया गया कि 13 मई को बगईनार निवासी राम प्रसाद सिंह जनकपुर साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने गए थे। बाजार से वापस लौटते समय रात करीब 9 से 10 बजे के बीच आरोपी बंधू सिंह ने पीछे से टांगी से उनके गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से राम प्रसाद मोटरसाइकिल सहित सडक़ पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन घायल को उपचार के लिए अंबिकापुर ले गए, जहां इलाज के दौरान 14 मई को उनकी मौत हो गई। जिला चिकित्सालय अंबिकापुर में मर्ग पंचनामा कार्रवाई के बाद मृतक के भाई की रिपोर्ट पर थाना रघुनाथनगर में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम की सहायता से जांच शुरू कर आरोपी की तलाश तेज कर दी। 15 मई को पुलिस ने जनकपुर जंगल से आरोपी बंधू सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते उसने राम प्रसाद सिंह की हत्या की।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी भी झाडिय़ों से बरामद कर ली। आरोपी को न्यायालय वाड्रफनगर में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे रामानुजगंज जेल भेज दिया गया।


