बलरामपुर
बलरामपुर-रामानुजगंज, 29 मार्च। थाना रघुनाथनगर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 लीटर देशी मसाला शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल के जरिए उत्तरप्रदेश निर्मित अवैध शराब रघुनाथनगर की ओर लाई जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए टीम गठित कर ग्राम रघुनाथनगर के केसारी मोड़ पर घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को पकडक़र उनके कब्जे से 90 नग (कुल 18 लीटर) देशी मसाला शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 6,750 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार गोड़ एवं दयाशंकर दोनों निवासी उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया।


