बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 29 मार्च। विकासखंड रामचन्द्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत भितयाही में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से आवास चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में जनपद पंचायत के सीईओ रणवीर साय ने उपस्थित हितग्राहियों से सीधा संवाद कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान जनपद सीईओ ने हितग्राहीवार आवास निर्माण की स्थिति का जायजा लेते हुए सभी लाभार्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने-अपने आवास पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाए, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं हितग्राही गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
श्री साय ने हितग्राहियों को यह भी समझाइश दी कि शासन द्वारा जारी की जा रही किस्तों का उपयोग केवल आवास निर्माण में ही सुनिश्चित करें, ताकि कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
चौपाल में बीसी पीएमएवाई, तकनीकी सहायक, जनपद सदस्य, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
यह आवास चौपाल ग्रामीणों के लिए न केवल जानकारी का माध्यम बनी, बल्कि उन्हें समयबद्ध निर्माण के लिए प्रेरित करने में भी महत्वपूर्ण साबित हुई।


