बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 13 फरवरी। न्यू एरा पब्लिक स्कूल, रामानुजगंज में नवनिर्मित हाई-टेक भवन का भव्य उद्घाटन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम (आदिम जाति कल्याण, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग) उपस्थित रहे।
समारोह में जनपद अध्यक्ष मुद्रिका सिंह, मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष बी.डी. लाल गुप्ता, शैलेश गुप्ता मंडल महामंत्री सिद्धांत यादव तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष तारावती सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। विद्यालय के फाउंडर मेंबर भरत प्रसाद गुप्ता और राजेश कुमार गुप्ता, बोर्ड सदस्य वीरेंद्र ठाकुर, वीरेंद्र कुशवाहा और विवेकानंद श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के आगमन और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ हुई। विद्यालय के डायरेक्टर राकेश कुमार गुप्ता ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद शिक्षकों ने पुष्प अर्पित कर अभिनंदन किया। पूजन-अर्चन के पश्चात मुख्य अतिथि ने स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया। इस दौरान रोहित सेवटा ने डिजिटल पैनल एवं स्मार्ट क्लास की उपयोगिता और महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार विभिन्न मॉडल और प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की। मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने विद्यालय के आधुनिक, पूर्णत: डिजिटल और हाई-टेक भवन की प्रशंसा की तथा विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य चंदन कुमार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अजय जारवाल ने किया। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


