बलरामपुर

बोर्ड परीक्षा केंद्र स्थानांतरण के विरोध में अभाविप ने सौंपा ज्ञापन
12-Feb-2026 9:57 PM
बोर्ड परीक्षा केंद्र स्थानांतरण के विरोध में अभाविप ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 12 फरवरी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), जिला बलरामपुर ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की आगामी कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए निर्धारित परीक्षा केंद्रों में की गई विसंगतियों एवं अव्यवस्थाओं के विरोध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

अभाविप जिला संयोजक विकास महतो रामचंद्रपुर हायर सेकेंडरी स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के साथ रामचंद्रपुर से जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कार्यालय पहुँचे। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर कार्यालय रामचंद्रपुर से लगभग 50-60 किलोमीटर दूर स्थित है। परीक्षाओं के नजदीक समय में विद्यार्थियों द्वारा इतनी लंबी दूरी तय कर अपनी समस्या को लेकर पहुँचना उनकी गंभीर चिंता एवं आक्रोश को दर्शाता है।

ज्ञापन में बताया गया कि बोर्ड परीक्षाओं हेतु परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में कई विद्यालयों को दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्थानांतरित कर दिया गया है। विशेष रूप से रामचंद्रपुर परीक्षा केंद्र को स्थानांतरित कर हायर सेकेंडरी स्कूल गांजर में निर्धारित किए जाने से विद्यार्थियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।

अभाविप ने अवगत कराया कि उक्त केंद्र विकासखंड मुख्यालय से लगभग 14 किलोमीटर दूर, हाथी प्रभावित एवं वनाच्छादित क्षेत्र में स्थित है। परीक्षा अवधि के दौरान लगभग 450 छात्र-छात्राओं को आवागमन, सुरक्षा, परिवहन के अभाव तथा समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुँचने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही संबंधित विद्यालय में पर्याप्त कक्षों एवं आधारभूत सुविधाओं की कमी होने से परीक्षा के निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन पर भी प्रश्नचिह्न उत्पन्न हो रहा है।

परिषद ने प्रशासन से मांग की है कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, सुविधा एवं शैक्षणिक हितों को सर्वोपरि रखते हुए पूर्ववत् परीक्षा केंद्र को विकासखंड मुख्यालय स्थित सर्वसुविधायुक्त विद्यालय में पुन: स्थापित किया जाए। जिला संयोजक महतो ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थी हित सर्वोपरि है। यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो परिषद छात्र हित में आगे भी चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

इस  दौरान अभाविप छत्तीसगढ़ के एसएफएस प्रांत सह संयोजक रितिक सिंह, नगर मंत्री परमानंद कुशवाहा, नगर सह मंत्री सत्यम प्रजापति, अनुप पाल, रत्नेश सिंह, सत्यम गुप्ता, सूरज पुरी, प्रमोद पुरी, ओमप्रकाश यादव सहित अभाविप के कार्यकर्ता एवं छात्र तथा अभिभावक भी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट